नई दिल्ली, महंगाई पर काबू पाने की कोशिशों के तहत सरकार अब 38 जरूरी चीजों की कीमतों की रोजाना मॉनिटरिंग करेगी। अब तक 22 चीजों पर नजर रखी जाती थी। नई चीजों में बैंगन, बाजरा, रागी, अंडा, सूजी, बेसन, मैदा, घी जैसे 16 आइटम हैं। गुरुवार को प्राइस मॉनिटरिंग सिस्टम मोबाइल ऐप वर्जन 4.0 लॉन्च करते हुए खाद्य एवं उपभोक्ता मामलों के मंत्री प्रह्लाद जोशी ने यह जानकारी दी। मई में 4.8% रहने के बाद जून में रिटेल इंफ्लेशन 5.08% पर चली गई थी। खाने-पीने की चीजों की महंगाई दर लगातार आठवें महीने 8% से ऊपर रहते हुए जून में 9.36% पर पहुंच गई थी। होलसेल इंफ्लेशन जून में 3.36% के साथ 16 महीनों के ऊंचे स्तर पर थी और होलसेल फूड इंफ्लेशन 10.85% रही।
जोशी ने बताया कि पहली अगस्त से डेली प्राइस मॉनिटरिंग की व्यवस्था में अब 16 और खाद्य वस्तुओं को शामिल कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि अब बाजरा, ज्वार, रागी, सूजी, मैदा, बेसन, घी, मक्खन, बैंगन, अंडा, काली मिर्च, धनिया, जीरा, लाल मिर्च, हल्दी और केले की कीमतों पर भी रोजाना नजर रखी जाएगी।
देश में खाने-पीने की चीजों खासकर सब्जियों की कीमत में हाल में बेतहाशा बढ़ोतरी हुई है। इसे देखते हुए सरकार ने अब 38 आइटम्स की कीमतों पर नजर रखने का फैसला किया है। पहले इस लिस्ट में 22 चीजें थी और अब 16 और शामिल कर दी गई हैं।
Comments (0)