छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में एक युवक को सोशल मीडिया पर सीएम भूपेश बघेल के खिलाफ अनर्गल पोस्ट करना महंगा पड़ गया। आरोपी युवक ने फेसबुक पर राष्ट्रपति से सीएम बघेल को गोली मारने का आदेश देने संबंधित पोस्ट किया था। इस पोस्ट को लेकर गौरेला नगर पंचायत के एल्डरमैन ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने आपत्तिजनक पोस्ट करने वाले आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। यह मामला गौरेला थानाक्षेत्र का है।
दरअसल गौरेला नगर पंचायत के एल्डरमैन घनश्याम ठाकुर ने गौरेला थाने में शिकायत की है कि महर्षि गौतम नाम की फसबुक ID से आज पोस्ट किया गया है, जिसमें सीएम भूपेश को गोली मारने के आदेश संबंधी पोस्ट राष्ट्रपति को संबोधित करते हुए लिखा गया है।
ये भी पढ़ें- रायपुर में राइजिंग पाइप लाइन फूटने से हजारों लीटर पानी बर्बाद, नगर-निगम प्रशासन उदासीन दिखा
एल्डरमैन घनश्याम ठाकुर ने इस पर आपत्ति जाहिर करते हुए गौरेला थाने में लिखित शिकायत दी। जिस पर पुलिस जांच के बाद घनश्याम ठाकुर की रिपोर्ट पर राष्ट्रीय स्वाभिमान पार्टी के तथाकथित राज्य उपाध्यक्ष महर्षि गौतम के खिलाफ IPC की धारा 505(2) के तहत अपराध कायम किया गया और पेंड्रा थाना क्षेत्र के पतगवा गांव से आरोपी महर्षि गौतम को गिरफ्तार किया गया।
बता दें कि गैर जमानती धारा होने की वजह से आरोपी को जेल में भी दाखिल कर दिया गया है। गौरेला पुलिस ने बताया कि सोशल मीडिया पर सीएम संबंधित आपत्तिजनक पोस्ट करने की शिकायत प्राप्त हुई थी। जांच के बाद संबंधित आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।