लोकसभा चुनाव 2024 से पहले राज्यसभा का चुनाव होना है। उसके लिए सभी राजनीतिक दल अपने-अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर रहे हैं। इसी कड़ी में कांग्रेस ने भी राज्यसभा चुनाव के लिए 4 उम्मीदवारों का ऐलान कर दिया है। पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के बाद सोनिया गांधी, अपने परिवार से राज्यसभा जाने वाली दूसरी सदस्य हैं।
हिमाचल से अभिषेक मनु सिंघवी को टिकट दिया गया
राजस्थान से सोनिया गांधी, हिमाचल से अभिषेक मनु सिंघवी को टिकट दिया गया है। इसके साथ ही बिहार से अखिलेश प्रसाद सिंह और महाराष्ट्र से चंद्रकांत हंडोरे के नाम की घोषणा की गई है। चंद्रकांत हंडोरे महाराष्ट्र के दलित नेता हैं। मध्य प्रदेश की एक, तेलंगाना की दो और कर्नाटक की तीन राज्यसभा सीटों के लिए कांग्रेस उम्मीदवारों का ऐलान होना अभी बाकी है।
जयपुर पहुंचीं सोनिया गांधी
कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी ने बुधवार को राजस्थान से राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन दाखिल किया। सोनिया गांधी आज बुधवार (14 फरवरी) की सुबह जयपुर पहुंचीं। उनके साथ पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी भी थे। राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और कुछ अन्य नेताओं ने हवाई अड्डे पर उनकी अगवानी की।
MP से इनका नाम आगे
मध्य प्रदेश से कांग्रेस में मीनाक्षी नटराजन का नाम सबसे आगे चल रहा है। वहीं कमलेश्वर पटेल को भी उम्मीदवार बनाया जा सकता है। बीजेपी की सूची पर राज्यसभा सांसद व पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने कहा कि मुझे प्रसन्नता है कि उमेश नाथ महाराज को भारतीय जनता पार्टी राज्यसभा में भेज रही है।
पूर्व सीएम और नेता प्रतिपक्ष ने कही ये बात
पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा कि बीजेपी जिसको चाहती है कैंडिडेट बनाएं, कांग्रेस के उम्मीदवार जल्द घोषित होंगे। वहीं नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा कि मध्य प्रदेश से एक सीट पर कांग्रेस की जीत सुनिश्चित है। कुछ देर में औपचारिक ऐलान हो जाएगा।
Comments (0)