भारतीय जनता पार्टी में प्रत्याशी निमित्त मात्र होता है। चुनाव कार्यकर्ता और पार्टी लड़ते हैं। कार्यकर्ता और पार्टी ही चुनाव जीतते हैं। और भाजपा में चुनाव महज इसलिए नहीं जीते जाते कि सत्ता प्राप्ति हो बल्कि हमारे कुछ सिद्धांत, मूल्य और उद्देश्य हैं जिनके माध्यम से हम जनकल्याण, विकास और राष्ट्रनिर्माण का लक्ष्य लेकर चलते हैं।
आज दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी है
नगरीय विकास एवं आवास मंत्री भूपेंद्र सिंह ने कहा कि, यहां भाजपा की महापौर प्रत्याशी श्रीमती संगीता सुशील तिवारी के मुख्य चुनाव कार्यालय के उद्घाटन कार्यक्रम में व्यक्त किए। वहीं मंत्री भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि, भाजपा आज दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी है जिसने नये मूल्य स्थापित किये और परिवारवाद को समाप्त करने का काम किया। भाजपा ने यह तय किया है कि किसी के परिवार से टिकट नहीं दिया जाएगा। परिवार से एक ही व्यक्ति चुनाव लड़ेगा। पार्टी ने यह भी तय किया है कि 75 साल से अधिक उम्र के किसी व्यक्ति को टिकट नहीं दिया जाएगा।
महापौर चुनाव के लिये सर्वे कराया था
आगे नगरीय प्रशासन मंत्री भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि, जहां पर भी परिवारवादी पार्टियां हैं, वे धीरे-धीरे समाप्त हो रहीं हैं। पार्टी ने यह भी तय किया कि 60 साल से अधिक के व्यक्ति को महापौर का प्रत्याशी नहीं बनायेंगे। पार्टी ने महापौर चुनाव के लिये सर्वे कराया था। चुनाव समिति में पार्टी के सारे बड़े नेता उपस्थित थे। जिन्होंने तय किया कि वर्तमान विधायक को महापौर का टिकट नहीं देंगे। जबकि सर्वे में इंदौर से विधायक रमेश मेंदोला और भोपाल से कृष्णा गौर आगे थी। ग्वालियर में पहले नंबर पर माया सिंह का नाम आगे था, मगर वे उम्र के क्राइटएरिया में नहीं थी।उन्होंने कहा कि, भाजपा एक व्यक्ति से नहीं चलती बल्कि निर्णय सामूहिक होते हैं। जबकि कांग्रेस में तो सिर्फ कमलनाथ ने ही महापौर के सारे टिकट तय कर दिये।
राजबहादुर का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी में कार्यकर्ता ही सर्वोपरि है
मंत्री भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि, प्रदेश चुनाव समिति ने अधिकतम विचार विमर्श करके ही सागर के महापौर का टिकट तय किया है। राजबहादुर का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी में कार्यकर्ता ही सर्वोपरि है। भाजपा कार्यकर्ताओं की पार्टी है और हमें पार्टी के लिए सतत काम करना है। क्योंकि समय-समय पर सबका मूल्यांकन होता है। हाल ही में सम्पन्न हुए राज्यसभा के चुनाव इसका उदाहरण हैं। नरेन्द्र मोदी जी, अटल बिहारी वाजपेयी जी इस बात के उदाहरण है कि, तपस्या से ही व्यक्ति प्रधानमंत्री जैसे पद तक पहुंचता है और यह सिर्फ भाजपा में ही संभव है।
महापौर का चुनाव हमें पार्टी के लिए लड़ना है
मंत्री श्री सिंह ने कहा कि सागर के महापौर का चुनाव हमें पार्टी के लिए लड़ना है। यह चुनाव इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि एक साल बाद विधानसभा के चुनाव होना है। महापौर के चुनाव में जीत ही विधानसभा चुनाव की आधारशिला रखेगी।
महापौर पद का चुनाव जीतना हम सबका संकल्प होना चाहिए
उन्होंने कहा कि, भाजपा बहुत बड़ा परिवार है। हम सबका आज जो मान सम्मान है, वह पार्टी के कारण ही है। पार्टी हमारी मां है। इसलिए महापौर पद का चुनाव जीतना हम सबका संकल्प होना चाहिए। हम सब मिलकर सागर का चुनाव लड़ेंगे। उन्होंने कहा कि सागर के सर्वे में भाजपा ही जीत रही है। पार्षद प्रत्याशी के चयन हेतु हर वार्ड से तीन नामों की पैनल बनी है, जिस पर कल संभागीय समिति की बैठक में नाम फायनल किये जाएंगे। इसके बाद 18 जून को महापौर प्रत्याशी श्रीमती संगीता तिवारी सहित सभी 48 वार्डों के पार्षद प्रत्याशी एक साथ नामांकन जमा करने निर्वाचन कार्यालय जाएंगे।
ये भी पढ़े- MP में bjp और congress का खेल बिगाड़ेंगे, केजरीवाल और औवेसी
प्रत्येक कार्यकर्ता की बात सुनी जाएगी
भाजपा के वरिष्ठ नेता डॉ. सुशील तिवारी ने कहा कि वे हृदय से भाजपा के आभारी हैं, जिसनें संगीता तिवारी को महापौर पद के लिये योग्य समझा। मैं भी भाजपा का एक सामान्य कार्यकर्ता हूं और पार्टी ने जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसे पूरी निष्ठा से निभाने का प्रयास किया है। अतः आप सभी को वचन देता हूं कि किसी के भी सम्मान पर आंच नहीं आने दूंगा। प्रत्येक कार्यकर्ता की बात सुनी जाएगी।
Comments (0)