महेश्वर में आज मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में कैबिनेट बैठक आयोजित की गई।बैठक में कई अहम फैसले लिए गए। सीएम डॉ. मोहन यादव ने जानकारी देते हुए बताया कि उज्जैन, ओम्कारेश्वर समेत 17 धार्मिक स्थलों में शराबबंदी का निर्णय लिया गया है। साथ ही मंत्रियों को अपने विभाग में तबादले का अधिकार मिल गया है।
बैठक में कई बड़े फैसले लिए गए, जिनमें से सबसे खास रहा डॉ. भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय को 25 करोड़ रुपए की राशि प्रदान करने का फैसला।
17 धार्मिक स्थलों में शराब दुकानें बंद
शराबबंदी की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए, सरकार ने 17 धार्मिक स्थलों और नगर परिषद क्षेत्रों में शराब की सभी दुकानें बंद करने का निर्णय लिया है। इनमें उज्जैन, ओंकारेश्वर, महेश्वर, मैहर और अमरकंटक जैसे प्रमुख धार्मिक स्थान शामिल हैं। इसके साथ ही, नर्मदा नदी के किनारे 5 किलोमीटर के दायरे में शराबबंदी की नीति को सख्ती से लागू रखने का फैसला किया गया।
किसानों को बड़ी राहत
किसानों को राहत देते हुए सरकार ने अस्थायी पंप धारकों को 5 से 7 हॉर्स पावर के सोलर पंप उपलब्ध कराने की घोषणा की है। इस योजना के तहत किसानों को बिजली पर निर्भरता खत्म कर आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कदम उठाया गया है। सरकार ने इस योजना को जल्द ही 30 लाख स्थायी कनेक्शन धारकों तक पहुंचाने की बात कही है।
भोपाल में नए पुल को मंजूरी
भोपाल के लिए 180 करोड़ की लागत से नया पुल बनाने की मंजूरी दी गई। यह पुल ट्रैफिक की समस्याओं को हल करेगा और शहर को नई दिशा देगा। इसके साथ ही, ग्रीन कॉरिडोर के सफल संचालन के बाद, राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने का प्रयास किया जा रहा है।