मध्यप्रदेश सरकार की कैबिनेट बैठक 24 जनवरी को महेश्वर में होने जा रही है। कैबिनेट बैठक में नारी सशक्तिकरण मिशन को मंजूरी दी जाएगी।
महिलाओं के लिए इन प्रस्तावों पर लगेगी मुहर
नारी सशक्तिकरण मिशन के तहत महिलाओं को आर्थिक व सामाजिक रूप से सशक्त बनाने वाले प्रस्तावों पर मुहर लगाई जाएगी। साथ ही आर्थिक रूप से कमजोर परिवार की महिलाओं के 15,650 आवास को मंजूरी मिलेगी। वहीं, विकासखंड में कार्यरत महिलाओं के लिए पचास सीटर हॉस्टल निर्माण और डे-केयर सेंटर खोलने की योजना को स्वीकृति की जाएगी।
हुकुमचंद मिल की जमीन पर होगा बड़ा फैसला
इंदौर की हुकुमचंद मिल की जमीन पर निर्माण के लिए मोहन सरकार फ्लोर एरिया रेश्यो (एफएआर) का प्रावधान के प्रस्ताव को स्वीकार कर सकती है। यह प्रस्ताव पिछली कैबिनेट में आया था, लेकिन सीएस की आपत्ति के बाद इसमें संशोधन कर फिर से तैयार किया गया है।
हाउसिंग बोर्ड के प्रोजेक्ट को मिलेगी मंजूरी
केंद्रीय सुरक्षा बलों के बलिदानी परिवार को हाउसिंग बोर्ड के प्रोजेक्ट में आवास देने के लंबित प्रस्ताव को मंजूरी मिल सकती है। शहरों के पुराने क्षेत्रों के री-डेवलपमेंट प्रस्ताव में संशोधन होने की उम्मीद है। बता दें री-डेवलपमेंट परियोजना में निजी डेवलपर को सरकारी गाइड लाइन से 60 फीसदी जमीन का दाम मिलता था। संशोधित कर इसे 100 फीसदी किया जा सकता है।