छत्तीसगढ़ के बिलासपुर समेत प्रदेश में आज के मौसम में बदलाव हुआ है। प्रदेश में अगले दो दिनों में दिन और रात के तापमान में बढ़ोतरी होगी। मौसम विभाग के अनुसार रात के तापमान में करीब दो से तीन डिग्री तक बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है। मौसम में बदलाव होने से दोपहर के समय में हल्की गर्मी का भी अहसास होने लगा है।
प्रदेश में अभी रात के समय और सुबह के समय में ठंड का असर जरूर है, लेकिन दिन के समय में तापमान सामान्य से एक से दो डिग्री अधिक रहा। इसी के चलते अब ठंड का असर धीरे-धीरे कम होने लगा है। वहीं प्रदेश में सोमवार को मौसम शुष्क रहा। आज भी मौसम शुष्क रहेगा।
नए पश्चिमी विक्षोभ से बदला मौसम
एक पश्चिमी विक्षोभ द्रोणिका सक्रिय है। यह 3.1 किलोमीटर ऊंचाई पर 65 डिग्री पूर्व और 30 डिग्री उत्तर की ओर सक्रिय है। एक प्रेरित हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण है। यह दक्षिण पश्चिम राजस्थान और उससे लगे पाकिस्तान के ऊपर 1.5 किलोमीटर ऊंचाई तक फैला हुआ है। इसी के साथ नया पश्चिमी विक्षोभ मध्य और ऊपरी क्षोभ-मंडल में 52 डिग्री पूर्व और 28 डिग्री उत्तर की ओर सक्रिय है। इसके असर से आने वाले दिनों में दिन और रात के तापमान में बढ़ोतरी की संभावना हैं।
Comments (0)