मध्य प्रदेश के पन्ना जिले में मड़ला थाना क्षेत्र के सामने ट्रैफिक चेकिंग के दौरान सीट बेल्ट न लगाने पर काटे गए चालान ने बड़ा विवाद खड़ा कर दिया। रिटायर्ड अधिकारी ने पुलिस से बहस करते हुए कथित तौर पर बंदूक दिखा दी, जिसका वीडियो अब तेजी से वायरल हो रहा है।
सीट बेल्ट चालान से नाराज़ रिटायर्ड अधिकारी ने बीच सड़क किया हंगामा, पुलिस से तीखी बहस
मैहर-सतना निवासी सेवानिवृत्त अधिकारी भरत सिंह चौहान और उनकी पत्नी राजश्री चौहान का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि मड़ला पुलिस थाना के सामने चेकिंग के दौरान सीट बेल्ट न लगाने पर पुलिस ने नियमों के तहत चालान काटा था। चालान कटने से नाराज़ अधिकारी ने बीच सड़क पर ही हंगामा शुरू कर दिया और पुलिसकर्मियों से तीखी बहस करने लगे। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि उन्होंने अपनी पत्नी के साथ मिलकर कथित तौर पर पुलिस के सामने बंदूक तक दिखा दी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
पत्नी के साथ पहुंचे अधिकारी ने दिखाई बंदूक, संयम बरतती रही पुलिस, जांच जारी
घटना के दौरान पुलिस ने शालीनता और संयम का परिचय देते हुए स्थिति को संभालने की कोशिश की। हालांकि, अधिकारी लगातार आक्रामक बने रहे और पुलिस पर अभद्र टिप्पणियां करते हुए हंगामा करते रहे। गौरतलब है कि पुलिस द्वारा की जाने वाली चेकिंग आम जनता की सुरक्षा और सड़क हादसों को रोकने के उद्देश्य से की जाती है, लेकिन कई बार पुलिसकर्मियों को भी इस तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता है। फिलहाल वायरल वीडियो के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और आगे की कार्रवाई की बात कही जा रही है।