रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में आज अक्ति तिहार पूरे उत्साह और पारंपरिक तरीके से मनाया गया। कृषि विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में प्रदेश के कृषि मंत्री रामविचार नेताम शामिल हुए।
किसानों को दी शुभकामनाएं, अच्छी फसल की कामना
कार्यक्रम के दौरान कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने सभी किसानों को अक्ति तिहार की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि इस बार किसानों की उपज भरपूर हो और छत्तीसगढ़, जो धान का कटोरा कहलाता है, लबालब भरा रहे।
ट्रैक्टर चलाकर दिया खेती का संदेश
इस अवसर पर कृषि मंत्री ने खुद ट्रैक्टर चलाकर खेती-किसानी के महत्व को दर्शाया। साथ ही पारंपरिक रूप से कृषि यंत्रों की पूजा भी की गई, जिससे किसानों और खेती के प्रति सम्मान का संदेश दिया गया।
‘ड्रोन दीदी’ ने दिखाई आधुनिक तकनीक की झलक
कार्यक्रम की खास आकर्षण स्व सहायता समूह की ‘ड्रोन दीदी’ रहीं, जिन्होंने ड्रोन के माध्यम से खेती में आधुनिक तकनीक का प्रदर्शन किया। इस पहल ने किसानों को नई तकनीकों के उपयोग के प्रति जागरूक किया।
परंपरा और तकनीक का अनोखा संगम
अक्ति तिहार के इस आयोजन में पारंपरिक आस्था और आधुनिक तकनीक का अनोखा संगम देखने को मिला। इस तरह के आयोजन न सिर्फ सांस्कृतिक महत्व को मजबूत करते हैं, बल्कि किसानों को नई दिशा और प्रेरणा भी देते हैं।