पन्ना जिले के अमानगंज में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां श्मशान घाट जैसे सुनसान स्थान पर जुए का बड़ा फड़ संचालित किया जा रहा था। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर दबिश देकर 9 जुआरियों को गिरफ्तार किया और मौके से लाखों रुपए का माल जब्त किया। इस कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है और अवैध गतिविधियों पर पुलिस की सख्ती साफ नजर आ रही है।
टॉर्च की रोशनी में चल रहा था जुए का खेल
अमानगंज थाना प्रभारी रवि सिंह जादौन को मुखबिर से सूचना मिली थी कि तकिया नाला स्थित श्मशान घाट में कुछ लोग अंधेरे का फायदा उठाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी की। जब पुलिस पहुंची तो देखा कि आरोपी मोबाइल की टॉर्च जलाकर ताश के पत्तों पर दांव लगा रहे थे। अचानक पुलिस को देखकर वहां अफरा-तफरी मच गई, लेकिन टीम ने 9 लोगों को मौके से पकड़ लिया।
नकदी समेत लाखों का माल जब्त, जुआरियों में मचा हड़कंप
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ₹77,580 नगद, एक किया सेल्टोस कार, एक स्कूटी, 4 मोटरसाइकिल और 9 महंगे मोबाइल फोन जब्त किए हैं। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब ₹14 लाख बताई जा रही है। पकड़े गए आरोपियों में अमानगंज के कुछ नामी चेहरे भी शामिल हैं। सभी के खिलाफ जुआ एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया गया है। इस कार्रवाई में प्रधान आरक्षक राघवेंद्र, गणेश सिंह और लक्ष्मण यादव की अहम भूमिका रही। पुलिस की इस सख्त कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय जुआरियों और सटोरियों में हड़कंप मच गया है।