अंबिकापुर-बिलासपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर रविवार देर शाम एक भीषण सड़क हादसा हुआ। यह दुर्घटना अंबिकापुर नगर के समीप भिट्टिकला गांव के पास हुई, जिसमें तीन महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई।
सड़क हादसे में तीन महिलाओं की मौत
बताया जा रहा है कि एक तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे पैदल चल रहे लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। महिलाएं सब्जी खरीदकर अपने घर लौट रही थीं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया और अनियंत्रित कार पहले राहगीरों को टक्कर मारी, फिर सड़क पर खड़े एक ट्रेलर से जा भिड़ी। हादसे की भयावहता के कारण घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण मौके पर इकट्ठा हो गए। नेशनल हाईवे पर लंबा जाम लग गया।
आक्रोशित ग्रामीणों का पलटवार
हादसे से आक्रोशित ग्रामीणों ने कार चालक को पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी। इसके कारण चालक की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना के चलते राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया और यात्रियों को भारी परेशानी हुई।
पुलिस की कार्रवाई और जांच
सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। इस पूरे मामले में पुलिस आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है और हादसे के विस्तृत कारणों की जांच जारी है।