खरगोन-बड़वानी रोड (खंडवा-बड़ौदा हाईवे) पर जुलवानिया टोल प्लाजा के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। इस भीषण दुर्घटना में पांच बारातियों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी मृतक और घायल राजपुर क्षेत्र में आयोजित एक बारात में शामिल होकर लौट रहे थे।
बड़वानी में टैंकर-कार की टक्कर, पांच बारातियों की मौत
पुलिस के अनुसार, जलगांव से बारात राजपुर आई थी। वापसी के दौरान बारात में शामिल एक चारपहिया वाहन का डीजल खत्म हो गया था। वाहन में सवार कुछ युवक डीजल लेने के लिए जुलवानिया गए थे।
टक्कर से कार चकनाचूर
डीजल लेकर वापस लौटते समय जुलवानिया टोल प्लाजा के पास खरगोन की ओर से आ रहे तेज रफ्तार टैंकर ने उनकी कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि अन्य घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां एक और युवक की मौत हो गई। कुछ देर बाद एक अन्य घायल ने भी दम तोड़ दिया।
घायलों का इलाज जारी
सूचना मिलने पर जुलवानिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया। सभी घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जुलवानिया ले जाया गया। तीन गंभीर घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला चिकित्सालय बड़वानी रेफर किया गया, जहां उनका इलाज जारी है।