मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय दिल्ली दौरे के दूसरे दिन बस्तर के व्यापक विकास को लेकर केंद्रीय नेतृत्व से मुलाकात करेंगे। सूत्रों के अनुसार, 7 अप्रैल को सुबह 11 बजे मुख्यमंत्री साय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करेंगे और इसी दिन केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से भी मुलाकात करेंगे। इन बैठकों में बस्तर के विकास का विस्तृत रोडमैप प्रस्तुत किया जाएगा।
बैठक का केंद्रबिंदु: पोस्ट-माओइस्ट सीनारियो
सालों की सुरक्षा कार्रवाइयों के बाद बस्तर में माओवाद का प्रभाव काफी हद तक कम हो चुका है। अब सरकार की नजर इस क्षेत्र को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने पर टिकी है। मुख्यमंत्री साय प्रधानमंत्री और गृह मंत्री के समक्ष बस्तर के विकास का विस्तृत रोडमैप पेश करेंगे, जिसमें बुनियादी ढांचे से लेकर निवेश, रोजगार और आदिवासी समाज के समावेशी विकास तक की पूरी रूपरेखा शामिल होगी।
प्रस्तुति में शामिल मुख्य बिंदु
मुख्यमंत्री अपनी प्रस्तुति में केंद्र सरकार का ध्यान निम्नलिखित बिंदुओं पर खींचेंगे
बस्तर में सड़क, बिजली और संचार जैसी आधारभूत सुविधाओं का विस्तार
नए उद्योगों की स्थापना और निवेशकों को आकर्षित करने की योजना
स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के ठोस अवसर
आदिवासी क्षेत्रों का समावेशी और संतुलित विकास