भोपाल। कोरोना महामारी के चलते बंद हुई मंत्रालय कर्मचारियों के प्रतिभाशाली बच्चों को सम्मानित करने की परंपरा एक बार फिर शुरू होने जा रही है। मंत्रालय सेवा अधिकारी कर्मचारी संघ ने इस वर्ष से ‘प्रतिभा सम्मान समारोह’ दोबारा आयोजित करने का निर्णय लिया है। संघ के अध्यक्ष सुधीर नायक ने बताया कि यह कार्यक्रम आज मंत्रालय की पांचवीं मंजिल स्थित कक्ष क्रमांक 506 में आयोजित किया जाएगा। इस आयोजन में मंत्रालय कर्मचारियों के साथ-साथ उनके प्रतिभाशाली बच्चों को भी सम्मानित किया जाएगा।
मुख्य अतिथि होंगे उपमुख्यमंत्री
समारोह में उपमुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। वहीं क्षेत्रीय विधायक भगवान दास सबनानी को भी कार्यक्रम में आमंत्रित किया गया है।
साहस दिखाने वाले कर्मचारियों का भी सम्मान
इस बार आयोजन की खास बात यह है कि इसमें उन कर्मचारियों को भी सम्मानित किया जाएगा, जिन्होंने अपनी जान जोखिम में डालकर मंत्रालय में लगी आग को बुझाने में अहम भूमिका निभाई थी। इसके अलावा वर्ष 2019 में ‘सुशील चंद्र वर्मा पुरस्कार’ के लिए चयनित, लेकिन योजना बंद होने के कारण सम्मान से वंचित कर्मचारियों को भी इस बार सम्मानित किया जाएगा।
लेखन और खेल में उत्कृष्टता को भी मिलेगा मंच
कार्यक्रम में लेखन और खेल के क्षेत्र में उपलब्धि हासिल करने वाले कर्मचारियों को भी सम्मानित किया जाएगा।
ओपी शर्मा और कविता शिरोले, जिनकी पुस्तकें प्रकाशित हो चुकी हैं, को भी सम्मान मिलेगा। साथ ही खेल प्रतियोगिताओं में पदक जीतने वाले कर्मचारियों और ‘वंदे मातरम्’ गायन करने वाली टीम को भी सम्मानित किया जाएगा।
नवाचारों को भी मिलेगा प्रोत्साहन
कार्यक्रम में उन कर्मचारियों को भी सम्मान दिया जाएगा, जिन्होंने अलग-अलग क्षेत्रों में प्रेरणादायक कार्य किए हैं। इनमें शामिल हैं—
- सिंगल पेरेंट्स कर्मचारियों का सम्मान
- साइकिल से कार्यालय आने वाले कर्मचारी
- नियमित योगाभ्यास करने वाले कर्मचारी
- गौ सेवा करने वाले
- माता-पिता की सेवा करने वाले कर्मचारी
कोरोना के कारण रुकी थी परंपरा
गौरतलब है कि हर वर्ष मंत्रालय परिवार के प्रतिभाशाली बच्चों का सम्मान किया जाता था, लेकिन कोरोना महामारी के बाद यह परंपरा रुक गई थी। अब एक बार फिर इसकी शुरुआत से कर्मचारियों और उनके परिवारों में उत्साह का माहौल है।