भोपाल | राजधानी भोपाल के राजा भोज एयरपोर्ट ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए एयरपोर्ट 360 अवॉर्ड्स 2026 में ‘बेस्ट एयरपोर्ट ऑफ द ईयर (डोमेस्टिक)’ का खिताब अपने नाम किया है। यह सम्मान 24 अप्रैल को मुंबई के बॉम्बे एक्जीबिशन सेंटर में आयोजित कार्यक्रम में प्रदान किया जाएगा। इस उपलब्धि से न केवल एयरपोर्ट प्रबंधन, बल्कि पूरे शहर और प्रदेश का गौरव बढ़ा है।
यात्री सुविधाओं में निकला सबसे आगे
एयरपोर्ट ने बीते कुछ समय में अपनी ऑपरेशनल एफिशिएंसी, समयबद्ध उड़ान संचालन और यात्रियों को दी जाने वाली सुविधाओं के स्तर में उल्लेखनीय सुधार किया है। यात्री अनुभव को बेहतर बनाने के लिए एयरपोर्ट पर आधुनिक सुविधाओं का विस्तार किया गया है, जिससे यात्रियों को अधिक सुविधा और सहजता मिल रही है।
यह सम्मान सामूहिक प्रयासों का परिणाम
एयरपोर्ट डायरेक्टर रामजी अवस्थी ने इस उपलब्धि का श्रेय पूरी टीम को देते हुए कहा कि यह सम्मान सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने बताया कि एयरपोर्ट प्रबंधन, विभिन्न एयरलाइंस, सुरक्षा एजेंसियों और अन्य स्टेकहोल्डर्स के समन्वय से यह संभव हो सका है।
कई नई व्यवस्थाएं लागू की गई
एयरपोर्ट पर हाल के वर्षों में टर्मिनल अपग्रेडेशन, डिजिटल सिस्टम्स के विस्तार, स्वच्छता में सुधार और बेहतर कनेक्टिविटी पर विशेष ध्यान दिया गया है। इसके अलावा, यात्रियों की सुरक्षा, सुविधा और समय की बचत को ध्यान में रखते हुए कई नई व्यवस्थाएं लागू की गई हैं।यह अवॉर्ड इस बात का प्रमाण है कि राजा भोज एयरपोर्ट तेजी से देश के प्रमुख घरेलू एयरपोर्ट्स में अपनी पहचान मजबूत कर रहा है और भविष्य में भी यात्रियों को बेहतर सेवाएं देने के लिए प्रतिबद्ध है।