भोपाल रेलवे स्टेशन पर सोमवार दोपहर एक बड़ी दुर्घटना होते-होते टल गई। भोपाल-जोधपुर एक्सप्रेस की जनरेटर कार (पावर कार) में अचानक शॉर्ट सर्किट होने से तेज धुआं और हल्की आग की लपटें उठने लगीं। इसके चलते पूरा प्लेटफॉर्म धुएं से भर गया और यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।
भोपाल-जोधपुर एक्सप्रेस की जनरेटर कार में शॉर्ट सर्किट से उठा धुआं
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, ट्रेन को प्लेटफॉर्म पर शिफ्ट करने के बाद जब पावर ऑन किया गया, तभी पावर कार में शॉर्ट सर्किट हो गया। इससे तार जलने लगे और तेजी से धुआं फैलने लगा। शुरुआत में स्थिति को गंभीरता से नहीं लिया गया, लेकिन कुछ ही मिनटों में पूरा प्लेटफॉर्म धुएं से घिर गया।
, प्लेटफॉर्म पर मची अफरा-तफरी
धुएं के कारण कई यात्रियों को सांस लेने में परेशानी हुई और स्टेशन पर हड़कंप मच गया। हालांकि, रेलवे स्टाफ और इंजीनियरिंग टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर स्थिति पर काबू पा लिया।
गनीमत यह रही कि इस घटना में कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ और किसी यात्री या रेलवे कर्मचारी को चोट नहीं आई। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट और वायरिंग में खराबी को हादसे का कारण बताया जा रहा है। रेलवे प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और तकनीकी टीम पूरी घटना की पड़ताल में जुटी हुई है।