भोपाल में शादी सीजन को देखते हुए प्रशासन ने कमर्शियल गैस सिलेंडर की नई व्यवस्था लागू कर दी है। अब जिन घरों में शादी है, उन्हें गैस एजेंसी पर शादी का कार्ड दिखाना अनिवार्य होगा। इसके बाद ही उन्हें कमर्शियल गैस सिलेंडर उपलब्ध कराए जाएंगे।
दो कमर्शियल सिलेंडर मिलेगें
नई व्यवस्था के तहत एक परिवार को अधिकतम दो कमर्शियल सिलेंडर ही दिए जाएंगे। इसके लिए प्रति सिलेंडर 2200 रुपए का डिपॉजिट जमा करना होगा, यानी दो सिलेंडर के लिए कुल 4400 रुपए देने होंगे। सिलेंडर वापस करने पर यह डिपॉजिट राशि लौटा दी जाएगी। वहीं, गैस भराई का शुल्क 1850 रुपए प्रति सिलेंडर निर्धारित किया गया है। एजेंसी से सिलेंडर लेने के बाद 2 से 3 दिन के भीतर उन्हें वापस करना अनिवार्य होगा।
जरूरतमंद परिवारों को समय पर गैस मिल सकेगी
प्रशासन का कहना है कि इस फैसले का उद्देश्य शादी के दौरान गैस की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करना और कालाबाजारी या अनावश्यक भंडारण को रोकना है। नई व्यवस्था से जरूरतमंद परिवारों को समय पर गैस मिल सकेगी और वितरण प्रक्रिया भी पारदर्शी बनेगी।