पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव की घोषणा के साथ ही छत्तीसगढ़ भाजपा के वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता बंगाल में मोर्चा संभालने पहुंच गए हैं। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के गढ़ में सेंध लगाने के लिए छत्तीसगढ़ भाजपा की रणनीतिक टीम और जमीनी कार्यकर्ताओं की पूरी फौज तैनात की गई है।
पवन साय की कमान में बूथ प्रबंधन
प्रदेश भाजपा महामंत्री (संगठन) पवन साय को बंगाल की 56 विधानसभा सीटों के बूथ प्रबंधन की जिम्मेदारी दी गई है। पवन साय का काम है कि बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं को सक्रिय किया जाए और चुनावी तैयारी पूरी तरह मजबूत हो। इसके लिए छत्तीसगढ़ के छह निगम-मंडल अध्यक्ष फरवरी से ही बंगाल के अलग-अलग जिलों में डेरा डाले हुए हैं। अब इस खेमेबंदी को और मजबूती देने के लिए प्रदेश के वरिष्ठ विधायकों और पूर्व मंत्रियों को भी रणक्षेत्र में भेजा गया है।
मूणत-शर्मा के साथ युवा विधायकों की टीम
पूर्व मंत्री राजेश मूणत और शिवरतन शर्मा पहले से ही बंगाल की गलियों में पार्टी की सक्रियता बढ़ा रहे हैं। अब उनके साथ महासमुंद विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा, दुर्ग ग्रामीण के ललित चंद्राकर, पूर्व विधायक रजनीश सिंह और मोतीराम चंद्रवंशी जैसे नेता बंगाल पहुंच चुके हैं।
मुख्य लक्ष्य – मतदाताओं को मतदान केंद्र तक लाना
इन नेताओं का मुख्य काम मतदाताओं को मतदान केंद्र तक लाना और केंद्र सरकार की योजनाओं के प्रति जागरूक करना है।