मध्यप्रदेश में भाजपा सरकार के तहत निगम, मंडल, प्राधिकरण और आयोगों में अध्यक्ष, उपाध्यक्षों की नियुक्तियों को लेकर लगभग सहमति बन गई है। सूत्रों के अनुसार भोपाल विकास प्राधिकरण में चेतन सिंह, इंदौर विकास प्राधिकरण में हरिनारायण यादव, जबलपुर विकास प्राधिकरण में संदीप जैन और देवास विकास प्राधिकरण में बहादुर मुकाती को चेयरमैन बनाए जाने की संभावना है।
दिल्ली से मिली हरी झंडी
सूत्रों का कहना है कि इन नामों पर सत्ता और संगठन स्तर पर सहमति बन चुकी है और केंद्रीय नेतृत्व को भी इसकी जानकारी दे दी गई है। दिल्ली से हरी झंडी मिलने के बाद अब एक सप्ताह के भीतर नियुक्ति आदेश जारी होने की संभावना है।हालांकि ग्वालियर और उज्जैन विकास प्राधिकरण के नामों पर अभी अंतिम सहमति नहीं बन पाई है, जिस पर आगे चर्चा जारी है।
अन्य संभावित नियुक्तियां भी लगभग तय
अनुसूचित जाति आयोग के लिए कैलाश जाटव, अनुसूचित जनजाति आयोग के लिए भगत सिंह नेताम, युवा आयोग के लिए प्रवीन शर्मा, सहकारी संस्था के लिए महेंद्र सिंह यादव, लघु उद्योग निगम के लिए विनोद गोठिया, मध्य प्रदेश वेयर हाउसिंग कॉर्पोरेशन के लिए संजय नागर, कटनी विकास प्राधिकरण के लिए शशांक श्रीवास्तव, ओरछा विकास प्राधिकरण के लिए अखिलेश अवस्थी, वित्त विकास निगम के लिए दीपक सक्सेना और कोल विकास प्राधिकरण के लिए रामलाल रौतेल के नाम प्रमुखता से सामने आए हैं।