राजधानी रायपुर में नारी शक्ति वंदन अधिनियम 2023 को लेकर बीजेपी ने बड़ी प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान पार्टी की वरिष्ठ महिला नेताओं ने इसे महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताया।
सरोज पांडेय ने बताया क्रांतिकारी फैसला
प्रेस कॉन्फ्रेंस में बीजेपी की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सरोज पांडेय और महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े समेत कई महिला नेता मौजूद रहीं। सरोज पांडेय ने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम भारत के लोकतंत्र में एक क्रांतिकारी बदलाव है और इसे लागू करने का साहस प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिखाया है।
33% आरक्षण से बढ़ेगी भागीदारी
उन्होंने कहा कि “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” अभियान से शुरू हुआ महिला सशक्तिकरण अब राजनीतिक भागीदारी तक पहुंच गया है। इस कानून के तहत लोकसभा और विधानसभा में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण मिलेगा।
2029 तक लागू करने की तैयारी
सरोज पांडेय ने बताया कि बीजेपी इस कानून को 2029 तक लागू करने के लिए प्रतिबद्ध है और आने वाले संसद के विशेष सत्र में इससे जुड़ी प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाएगा।
प्रदेशभर में चलेगा जागरूकता अभियान
वहीं महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि बीजेपी इस अधिनियम को लेकर पूरे प्रदेश में जनजागरूकता अभियान चलाएगी। देश के 15 प्रमुख स्थानों पर बड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
15 अप्रैल को रायपुर में बड़ा आयोजन
रायपुर के दीनदयाल ऑडिटोरियम में 15 अप्रैल को विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके साथ ही बाइक और स्कूटी रैली भी निकाली जाएगी। मंत्री ने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य हर महिला तक नारी शक्ति वंदन अधिनियम की जानकारी पहुंचाना है।