भारतीय जनता पार्टी का स्थापना दिवस 6 अप्रैल को पूरे प्रदेश में बूथ स्तर पर उत्साह के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर पार्टी कार्यालयों और कार्यकर्ताओं के घरों पर झंडा फहराया जाएगा, कार्यालयों को सजाया जाएगा और मिठाई वितरण किया जाएगा। मुख्यमंत्री मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल और क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल सुबह 11:15 बजे प्रदेश कार्यालय में ध्वजारोहण करेंगे।
14 जिलों में भूमिपूजन, 3 जिलों में कार्यारंभ
स्थापना दिवस के मौके पर 14 जिलों में जिला कार्यालयों का भूमिपूजन किया जाएगा, जबकि 3 जिलों में कार्यारंभ समारोह आयोजित होंगे। इन कार्यक्रमों में प्रदेश नेतृत्व वर्चुअल माध्यम से जुड़कर कार्यकर्ताओं को संबोधित करेगा। साथ ही वरिष्ठ कार्यकर्ताओं का सम्मान भी किया जाएगा।
जिला कार्यालयों में होगी विशेष सजावट
- 5, 6 और 7 अप्रैल को प्रदेश सहित सभी मंडल और जिला कार्यालयों में विद्युत सजावट, पुष्पमाला, दीपमालिका और रंगोली के जरिए उत्सव का माहौल बनाया जाएगा।
- 6 अप्रैल को बूथ स्तर पर झंडा फहराने के बाद मिष्ठान वितरण और पार्टी के इतिहास व विकास यात्रा पर उद्बोधन होगा। साथ ही प्राथमिक और सक्रिय सदस्य सम्मेलन भी आयोजित किए जाएंगे।
हर कार्यकर्ता अपने घर पर फहराएगा झंडा
स्थापना दिवस के दिन हर कार्यकर्ता अपने घर पर भी पार्टी का झंडा फहराएगा। 8 और 9 अप्रैल को सक्रिय सदस्यों के सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे, जिनमें प्रदेश और जिला स्तर के वक्ता शामिल होंगे।
7 से 12 अप्रैल तक ‘गांव-बस्ती चलो अभियान’
7 से 12 अप्रैल तक ‘गांव-बस्ती चलो अभियान’ चलाया जाएगा, जिसमें सांसद, विधायक, पंचायत प्रतिनिधि और पार्टी पदाधिकारी भाग लेंगे। हर विधानसभा में करीब 50 बड़े गांवों में कार्यक्रम आयोजित होंगे। इन कार्यक्रमों के तहत स्वच्छता अभियान, वरिष्ठ कार्यकर्ताओं का सम्मान, बुद्धिजीवियों से संवाद और केंद्र व एनडीए सरकार की योजनाओं व उपलब्धियों की जानकारी दी जाएगी।