मध्य प्रदेश में मोहन कैबिनेट की बैठक खत्म हो गई है। अहिल्या नगरी महेश्वर में आज कई अहम फैसले लिए गए। सीएम डॉ. मोहन यादव ने जानकारी देते हुए बताया कि उज्जैन, ओम्कारेश्वर समेत 17 धार्मिक स्थलों में शराबबंदी का निर्णय लिया गया है। साथ ही मंत्रियों को अपने विभाग में तबादले का अधिकार मिल गया है।
किसानों को बड़ी राहत
किसानों को राहत देते हुए सरकार ने अस्थायी पंप धारकों को 5 से 7 हॉर्स पावर के सोलर पंप उपलब्ध कराने की घोषणा की है। इस योजना के तहत किसानों को बिजली पर निर्भरता खत्म कर आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कदम उठाया गया है। सरकार ने इस योजना को जल्द ही 30 लाख स्थायी कनेक्शन धारकों तक पहुंचाने की बात कही है।
भोपाल में नए पुल को मंजूरी
भोपाल के लिए 180 करोड़ की लागत से नया पुल बनाने की मंजूरी दी गई। यह पुल ट्रैफिक की समस्याओं को हल करेगा और शहर को नई दिशा देगा। इसके साथ ही, ग्रीन कॉरिडोर के सफल संचालन के बाद, राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
गौरवशाली विरासत का प्रतीक
महेश्वर के ऐतिहासिक किले में कैबिनेट बैठक में मुख्यमंत्री और मंत्रिमंडल ने प्रदेश के विकास के साथ सामाजिक, सांस्कृतिक और आर्थिक नीतियों को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की। यह किला अहिल्या माता की गौरवशाली विरासत का प्रतीक है। बैठक की शुरुआत नर्मदा पूजन और अहिल्या माता की राजगद्दी को नमन करने के साथ हुई। मुख्यमंत्री ने इसे राज्य की गौरवशाली परंपरा और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने का प्रयास बताया।
Comments (0)