डिजिटल जनगणना 2026 का बहुप्रतीक्षित चरण 16 अप्रैल से शुरू होने जा रहा है, जिसमें नागरिकों को पहली बार घर बैठे स्वगणना (सेल्फ एन्यूमेरेशन) की सुविधा दी जा रही है। इस प्रक्रिया के तहत लोग मोबाइल या कंप्यूटर के माध्यम से 30 अप्रैल तक अपने परिवार और आवास से जुड़ी जानकारी ऑनलाइन दर्ज कर सकेंगे, जिससे जनगणना प्रणाली को अधिक सरल, पारदर्शी और डिजिटल बनाया जा सकेगा।
जनगणना 2026: 16 अप्रैल से शुरू ऑनलाइन स्वगणना, घर बैठे भर सकेंगे जानकारी
डिजिटल जनगणना 2026 का बहुप्रतीक्षित चरण 16 अप्रैल से शुरू हो रहा है। इस बार नागरिकों को बड़ी सुविधा देते हुए स्वगणना (सेल्फ एन्यूमेरेशन) की व्यवस्था लागू की गई है। इसके तहत लोग 30 अप्रैल तक अपने मोबाइल या कंप्यूटर के जरिए घर बैठे ही परिवार और आवास से जुड़ी जानकारी ऑनलाइन दर्ज कर सकेंगे। शासन का उद्देश्य इस प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी और पूरी तरह डिजिटल बनाना है, जिससे लोगों को प्रगणक के इंतजार से मुक्ति मिल सके। जानकारी सबमिट करने के बाद प्रत्येक नागरिक को एक यूनिक सेल्फ एन्यूमेरेशन आईडी (SEID) प्राप्त होगी, जिसे सुरक्षित रखना अनिवार्य होगा।
मई में घर-घर होगा सत्यापन
ऑनलाइन जानकारी दर्ज करने के बाद 1 से 30 मई के बीच प्रगणक घर-घर जाकर डेटा का सत्यापन करेंगे। इस दौरान नागरिकों को अपनी SEID दिखानी होगी, ताकि भरी गई जानकारी का मिलान किया जा सके और किसी भी त्रुटि को सुधारा जा सके।
सबमिट से पहले जानकारी जरूर जांचें
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि अंतिम सबमिट करने से पहले प्रीव्यू विकल्प के माध्यम से पूरी जानकारी सावधानीपूर्वक जांच लें। एक बार फॉर्म सबमिट होने के बाद उसमें किसी प्रकार का संशोधन संभव नहीं होगा, इसलिए सभी विवरण सही और पूर्ण रूप से भरना बेहद जरूरी है।