रायपुर। राज्य आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (EOW) रायपुर ने शराब घोटाले की जांच के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए छत्तीसगढ़ डिस्टलरीज प्रा. लि., कुम्हारी (दुर्ग) से जुड़े 3 वाहनों को जब्त किया है। इन वाहनों का उपयोग अवैध शराब के परिवहन में किया जा रहा था।
डिजिटल और भौतिक साक्ष्यों से हुआ खुलासा
जांच में मिले डिजिटल और भौतिक साक्ष्यों के आधार पर यह पुष्टि हुई है कि इन वाहनों के जरिए “पार्ट-बी” अवैध शराब का परिवहन किया जाता था। यह शराब डिस्टलरी से सीधे चयनित शासकीय शराब दुकानों तक पहुंचाई जाती थी।
भरोसेमंद लोगों के जरिए होता था परिवहन
विवेचना में सामने आया है कि डिस्टलरी मालिक अपने भरोसेमंद व्यक्तियों को ट्रांसपोर्टिंग का काम सौंपते थे, जो छोटे ट्रांसपोर्टरों की गाड़ियों का उपयोग कर अवैध शराब की सप्लाई करते थे। इसके लिए कुछ तय वाहनों का बार-बार इस्तेमाल किया जाता था।
पहले भी 16 वाहन किए जा चुके हैं जब्त
उल्लेखनीय है कि इसी शराब घोटाला प्रकरण (अपराध क्रमांक 04/2024) में पूर्व में वेलकम डिस्टलरी, कोटा (जिला बिलासपुर) और भाटिया वाइंस डिस्टलरी, सरगांव (जिला मुंगेली) से कुल 16 वाहन जब्त किए जा चुके हैं।
अन्य संदिग्ध वाहनों की जांच जारी
जांच के दौरान यह भी सामने आया है कि छत्तीसगढ़ डिस्टलरी, दुर्ग में इन 3 वाहनों के अलावा अन्य गाड़ियों का भी उपयोग किया गया था। इनमें से कुछ वाहनों को स्क्रैप कर दिया गया है या अन्य कार्यों में लगाया जा रहा है। इन वाहनों के स्वामित्व और उपयोग को लेकर अलग से जांच जारी है।
विवेचना जारी, आगे और खुलासे संभव
EOW रायपुर द्वारा इस मामले में आगे की विवेचना और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई लगातार जारी है। आने वाले दिनों में इस प्रकरण में और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।