छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल (माशिमं) ने 12वीं हिंदी प्रश्नपत्र लीक प्रकरण के बाद दोबारा होने वाली परीक्षा की सुरक्षा को सुनिश्चित करने के लिए सख्त कदम उठाए हैं। 10 अप्रैल को होने वाली इस परीक्षा में प्रश्नपत्रों की गोपनीयता और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है।
माशिमं की सचिव ने बताया कि परीक्षा में इस बार ‘वन टाइम लॉक सिस्टम’ लागू किया जा रहा है, जिससे प्रश्नपत्रों के साथ किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ की संभावना खत्म हो जाएगी। इसके अलावा, सभी गोपनीय सामग्री अब जीपीएस लॉक युक्त विशेष कंटेनरों के माध्यम से भेजी जाएगी।
पहले जहां प्रश्नपत्र बसों से परिवहन किए जाते थे, अब उनके परिवहन में विशेष सुरक्षा वाले कंटेनरों का इस्तेमाल होगा। इन कंटेनरों में जीपीएस ट्रैकिंग सिस्टम लगा होगा, जिससे उनकी हर गतिविधि पर निगरानी रखी जा सकेगी।
सुरक्षा व्यवस्था में किए गए प्रमुख बदलाव
प्रश्नपत्र पैकेट में वन टाइम लॉक सिस्टम लागू किया जाएगा
गोपनीय सामग्री वाले वाहनों में जीपीएस ट्रैकिंग अनिवार्य होगी
समन्वय केंद्र पहुंचने पर जीपीएस लॉक की पुष्टि वीडियो कॉल के माध्यम से की जाएगी
इस प्रक्रिया में पार्टी ऑफिसर, नोडल अधिकारी और समन्वय केंद्र प्रभारी की उपस्थिति अनिवार्य होगी
समन्वय केंद्र में स्ट्रांग रूम को वन टाइम लॉक से सील किया जाएगा और पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराई जाएगी
केंद्राध्यक्ष द्वारा सामग्री बाहर ले जाने के समय जिला शिक्षा अधिकारी लॉक की जांच करेंगे
परीक्षा समाप्त होने के बाद सभी उपयोग किए गए वन टाइम लॉक जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में जमा किए जाएंगे
मंडल ने स्पष्ट किया है कि यह नई सुरक्षा व्यवस्था सिर्फ इस परीक्षा तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि आगामी सभी परीक्षाओं में भी इसे लागू किया जाएगा।