छत्तीसगढ़ में मौसम अचानक बदल गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के रायपुर केंद्र के ताजा बुलेटिन के अनुसार राज्य में अगले तीन दिनों तक गरज-चमक, तेज हवाएं और हल्की बारिश की संभावना है।
उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ में हाल की बारिश
मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटों में उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ के कुछ क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बारिश दर्ज की गई है। आने वाले दिनों में यह गतिविधियां जारी रहने की संभावना है, हालांकि इसके बाद धीरे-धीरे मौसम साफ होगा।
तेज हवा और बिजली गिरने का खतरा
7 से 9 अप्रैल के बीच प्रदेश के कई इलाकों में 30-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इस दौरान बिजली गिरने और ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है। विशेष रूप से 8 अप्रैल को ओले गिरने की चेतावनी दी गई है, जिससे किसानों और आम लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
तापमान का हाल
अगले तीन दिनों तक प्रदेश में अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, लेकिन इसके बाद तापमान 2-3 डिग्री बढ़ सकता है। बीते दिन राजनांदगांव में अधिकतम 37.5 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 17.8 डिग्री रहा।
रायपुर का मौसम
राजधानी रायपुर में आज आसमान साफ रहेगा, लेकिन दोपहर या शाम तक बादल छाने की संभावना है। अधिकतम तापमान लगभग 37 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है।
10 अप्रैल के बाद मौसम साफ रहेगा
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 10 अप्रैल से पूरे प्रदेश में मौसम साफ होगा और बारिश की गतिविधियां बंद हो जाएंगी। 10 से 13 अप्रैल तक किसी प्रकार की चेतावनी जारी नहीं की गई है।
मौसम विभाग की सलाह
आंधी-तूफान के दौरान लोगों को घरों में रहने, पेड़ों के नीचे खड़े न होने और बिजली उपकरणों से दूर रहने की सलाह दी गई है। किसानों को फसलों को सुरक्षित रखने और ओलावृष्टि से बचाव के उपाय करने को कहा गया है।