छत्तीसगढ़ में आज कक्षा 12वीं के छात्रों के लिए महत्वपूर्ण परीक्षा आयोजित की जा रही है। पेपर लीक की खबरों के चलते रद्द की गई हिंदी विषय की परीक्षा अब दोबारा आयोजित हो रही है। यह परीक्षा सुबह 9 बजे से शुरू होकर दोपहर 12:15 बजे तक चलेगी।
दो लाख से अधिक छात्र होंगे शामिल
इस परीक्षा का आयोजन राज्यभर के 2,395 परीक्षा केंद्रों पर किया जा रहा है, जिसमें दो लाख से अधिक छात्र शामिल हो रहे हैं। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल (CGBSE) ने पहले 14 मार्च 2026 को आयोजित हिंदी परीक्षा को रद्द करने का निर्णय लिया था, जिसे अब अमान्य घोषित कर दिया गया है। इसके बाद यह पुनः परीक्षा आज यानी 10 अप्रैल 2026 को कराई जा रही है।
पेपर लीक के बाद लिया गया निर्णय
दरअसल, 15 और 16 मार्च को सोशल मीडिया पर हिंदी विषय के सेट ‘बी’ के प्रश्नपत्र के लीक होने की खबरें सामने आई थीं। मामले की गंभीरता को देखते हुए इसकी शिकायत साइबर थाने में दर्ज कराई गई और सिटी कोतवाली में एफआईआर भी दर्ज हुई थी। जांच के बाद परीक्षा को रद्द करने का निर्णय लिया गया था।
अब नए आदेश के तहत छात्रों के लिए यह परीक्षा दोबारा आयोजित की जा रही है, ताकि परीक्षा प्रक्रिया को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाया जा सके।