छत्तीसगढ़ में गर्मी का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। राज्य के कई जिलों में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है। मौसम विभाग के अनुसार राजनांदगांव में सबसे अधिक 44.5°C तापमान दर्ज किया गया, जबकि रायपुर और दुर्ग में भी पारा 43°C से ऊपर बना हुआ है। पिछले 24 घंटों में तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं हुआ है, लेकिन यह सामान्य से 3 से 5 डिग्री अधिक दर्ज किया जा रहा है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ रहा है।
अगले 5 दिनों तक हीटवेव का खतरा
मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है कि आने वाले 5 दिनों तक छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में हीटवेव की स्थिति बनी रह सकती है। विशेष रूप से मध्य छत्तीसगढ़ में इसका असर ज्यादा देखने को मिलेगा। अगले दो दिनों तक तापमान में ज्यादा बदलाव की संभावना नहीं है, लेकिन इसके बाद 1 से 2 डिग्री तक बढ़ोतरी हो सकती है। विभाग के अनुसार गर्म रातें भी लोगों की परेशानी बढ़ा सकती हैं।
बारिश और तेज हवाओं की संभावना
भीषण गर्मी के बीच कुछ इलाकों में हल्की राहत की संभावना भी जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार कुछ स्थानों पर हल्की बारिश, गरज-चमक और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। हालांकि 21 अप्रैल के बाद मौसम फिर से शुष्क हो जाएगा और गर्मी और बढ़ सकती है।
लोगों के लिए एडवाइजरी जारी
भीषण गर्मी और लू को देखते हुए मौसम विभाग ने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। दोपहर 12 बजे से 4 बजे तक बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और हल्के कपड़े पहनने की सलाह दी गई है।