छत्तीसगढ़ में गर्मी का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। राज्य के कई जिलों में तापमान 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। मौसम विभाग ने 16 से 19 अप्रैल तक राज्य के विभिन्न हिस्सों में हीट वेव चलने की संभावना जताई है। इसी को देखते हुए सरकार ने बच्चों की स्कूल छुट्टियां समय से पहले घोषित कर दी हैं।
19 अप्रैल तक हीट वेव का अलर्ट
साथ ही रायपुर, बिलासपुर और दुर्ग संभाग के कुछ इलाकों में लू जैसी स्थिति बनने की आशंका भी जताई गई है। पिछले 24 घंटों में अधिकतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जिससे गर्मी का असर और अधिक तेज हो गया है।
राजनांदगांव सबसे गर्म, रायपुर भी तप रहा
मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में सबसे अधिक तापमान 43 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में दर्ज किया गया है। वहीं रायपुर, बिलासपुर और दुर्ग जैसे प्रमुख शहरों में तापमान 41 से 42 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है।राजधानी रायपुर में तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। सुबह से ही चिलचिलाती धूप पड़ रही है और दोपहर के समय बाहर निकलना मुश्किल हो रहा है।
अगले तीन दिन और बढ़ेगी गर्मी
मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले तीन दिनों में तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक और बढ़ोतरी हो सकती है। इसके बाद तापमान में हल्की गिरावट आने की संभावना जताई गई है।
फिलहाल मौसम शुष्क बना हुआ है और बारिश की कोई बड़ी संभावना नहीं है। हालांकि 20 अप्रैल के बाद कुछ इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है, जिससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है।
हीट वेव को देखते हुए मौसम विभाग ने लोगों के लिए एडवाइजरी जारी की है। इसमें सलाह दी गई है कि दोपहर 12 बजे से 4 बजे के बीच घर से बाहर निकलने से बचें, पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं और हल्के व सूती कपड़े पहनें।