रायपुर: छत्तीसगढ़ में पटवारी से राजस्व निरीक्षक (RI) बनने के लिए आयोजित विभागीय परीक्षा के पेपर लीक मामले में आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (EOW) को बड़ी सफलता मिली है। EOW की टीम ने मामले में फरार चल रहे दो आरोपियों को दिल्ली से गिरफ्तार किया है। दोनों को रायपुर लाकर विशेष न्यायालय में पेश किया गया, जहां से कोर्ट ने 23 नवंबर तक 8 दिन की पुलिस रिमांड मंजूर की है। अब जांच एजेंसी आरोपियों से पूछताछ कर पेपर लीक के पूरे नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका का पता लगाएगी।
मध्यप्रदेश के भिंड के रहने वाले हैं दोनों आरोपी
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मध्यप्रदेश के भिंड जिले के रहने वाले वीर सिंह जाटव (35) और अरविंद जाटव (41) के रूप में हुई है।EOW के मुताबिक, दोनों आरोपियों ने परीक्षा के प्रश्नपत्र छपाई समिति से जुड़े आरोपी वीरेन्द्र जाटव के साथ मिलकर पेपर लीक करने की साजिश रची थी। आरोप है कि परीक्षा से पहले ही प्रश्नपत्र अभ्यर्थियों तक पहुंचा दिया गया था। इसके बदले अभ्यर्थियों से मोटी रकम वसूली गई थी।
पटवारियों ने पहचान परेड में आरोपियों को पहचाना
EOW ने 15 नवंबर को कार्यपालिक दंडाधिकारी की मौजूदगी में दोनों आरोपियों की पहचान परेड कराई थी। इस दौरान परीक्षा में शामिल हुए पटवारियों ने दोनों की पहचान की।पटवारियों ने बताया कि इन्हीं आरोपियों ने उन्हें परीक्षा का लीक प्रश्नपत्र उपलब्ध कराया था। इसके अलावा पेपर से तैयारी करने के लिए जगह भी उपलब्ध कराई गई थी। आरोप है कि इस सुविधा और प्रश्नपत्र के बदले अभ्यर्थियों से पैसे लिए गए थे।
परीक्षा में 216 अभ्यर्थियों का हुआ था चयन
पटवारियों को राजस्व निरीक्षक (RI) प्रशिक्षण के लिए चयनित करने के उद्देश्य से 7 जनवरी 2024 को विभागीय परीक्षा आयोजित की गई थी। परीक्षा के परिणाम के आधार पर कुल 216 अभ्यर्थियों का चयन किया गया था।हालांकि, परीक्षा में गड़बड़ी की शिकायतें सामने आने के बाद राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग ने मामले की उच्च स्तरीय जांच कराई। जांच के बाद सामान्य प्रशासन विभाग ने पूरे मामले की जांच EOW-ACB को सौंप दी थी।
2025 में EOW ने दर्ज किया था केस
प्रारंभिक जांच में परीक्षा में गड़बड़ी के संकेत मिलने के बाद EOW ने वर्ष 2025 में मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।इस मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के साथ धोखाधड़ी, जालसाजी और आपराधिक साजिश से जुड़ी धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है।
पेपर लीक नेटवर्क और अन्य आरोपियों की भूमिका की जांच
दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद अब EOW की टीम उनसे पूछताछ कर रही है। जांच एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि प्रश्नपत्र किस तरह परीक्षा से पहले बाहर पहुंचा, इसमें कितने लोग शामिल थे और अभ्यर्थियों से कितनी रकम वसूली गई।पुलिस रिमांड के दौरान पेपर लीक नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका और पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने की कोशिश की जाएगी।