छत्तीसगढ़ शासन के सामान्य प्रशासन विभाग ने सक्ती जिले के डभरा तहसील अंतर्गत सिंघीतराई स्थित वेदांता पावर लिमिटेड में हुए हादसे की जांच के आदेश जारी कर दिए हैं। यह हादसा 14 अप्रैल 2026 को प्लांट की बॉयलर यूनिट-1 में स्टीम पाइप से जुड़े वॉटर सप्लाई पाइप के ज्वाइंट में तकनीकी खराबी के कारण हुआ था। इस दुर्घटना में कई श्रमिकों की मृत्यु हो गई और कई श्रमिक गंभीर रूप से घायल हुए।
बिलासपुर संभाग आयुक्त को सौंपी गई जांच की जिम्मेदारी
घटना की गंभीरता को देखते हुए राज्य सरकार ने बिलासपुर संभाग के आयुक्त को जांच अधिकारी नियुक्त किया है। जांच के दौरान यह पता लगाया जाएगा कि घटना कब और कैसे हुई, इसके पीछे क्या कारण और परिस्थितियां थीं तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए क्या उपाय किए जा सकते हैं।
30 दिनों के भीतर रिपोर्ट देनी होगी
जारी आदेश के अनुसार, जांच अधिकारी को 30 दिनों के भीतर अपनी जांच पूरी कर राज्य शासन को विस्तृत रिपोर्ट सौंपनी होगी। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस घटना की निष्पक्ष और त्वरित जांच सुनिश्चित करने तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।