छत्तीसगढ़ सरकार ने एक दिन का विशेष विधानसभा सत्र बुलाने का निर्णय लिया है, जिसे इसी महीने आयोजित किए जाने की संभावना है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि विपक्ष के रुख के विरोध में यह विशेष सत्र बुलाया जाएगा, जिसमें निंदा प्रस्ताव भी पारित किया जाएगा।
महिला आरक्षण बिल पर BJP का प्रदर्शन
इससे पहले लोकसभा में महिला आरक्षण बिल पारित न होने के विरोध में राजधानी रायपुर में भारतीय जनता पार्टी द्वारा जनआक्रोश रैली निकाली गई। भाजपा महिला मोर्चा की यह यात्रा बलबीर जुनेजा इंडोर स्टेडियम से शुरू होकर सुभाष स्टेडियम तक पहुंची, जहां बड़ी सभा का आयोजन किया गया।
विशेष सत्र बुलाने का प्रस्ताव कैबिनेट में चर्चा के बाद लिया जाएगा
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बताया कि विशेष सत्र बुलाने का प्रस्ताव कैबिनेट में चर्चा के बाद लिया जाएगा और इसे राज्यपाल की मंजूरी के लिए भेजा जाएगा। स्वीकृति मिलने के बाद ही सत्र का औपचारिक आयोजन होगा।जनआक्रोश रैली में मुख्यमंत्री साय के साथ प्रदेश अध्यक्ष किरण देव, उपमुख्यमंत्री अरुण साव, कैबिनेट मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े सहित कई वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए।