सीहोर। डॉ. मोहन यादव ने रविवार को सीहोर जिले के आष्टा में नवनिर्मित सांदीपनि विद्यालय भवन का लोकार्पण किया। करीब 61 करोड़ रुपये की लागत से तैयार यह आधुनिक शैक्षणिक परिसर प्रदेश में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के क्षेत्र में एक बड़ा कदम माना जा रहा है। मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों को इस नई सौगात के लिए बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
आष्टा में हुआ सीएम का रोड शो
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के आष्टा आगमन पर सड़कों पर उनका भव्य और भावभीना स्वागत किया गया। बड़ी संख्या में लोगों ने उनका अभिनंदन किया और पूरे शहर में उत्साह का माहौल नजर आया। मुख्यमंत्री रोड शो के बाद सांदीपनि विद्यालय परिसर पहुंचें,जहां उन्होनें बच्चों से संवाद किया,उसके बाद उन्होनें महिला सशक्तिकरण सम्मेलन में शामिल होकर उसे संबोधित किया। सांदीपनि विद्यालय का निर्माण प्रथम चरण में 15 एकड़ क्षेत्र में किया गया है। विशाल और सुव्यवस्थित परिसर विद्यार्थियों को एक बेहतर और आधुनिक शैक्षणिक वातावरण प्रदान करता है, जहां पढ़ाई के साथ-साथ अन्य गतिविधियों के लिए भी पर्याप्त स्थान उपलब्ध है।
आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित विद्यालय
विद्यालय में विद्यार्थियों की पढ़ाई को बेहतर बनाने के लिए आधुनिक सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा गया है। यहां सर्व-सुविधायुक्त लाइब्रेरी और आधुनिक कंप्यूटर लैब स्थापित की गई है। इसके साथ ही रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम और सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट जैसी व्यवस्थाएं भी सुनिश्चित की गई हैं, जो पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।
हजारों विद्यार्थियों के लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा व्यवस्था
वर्तमान में विद्यालय में करीब 3800 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं। यहां केजी-1 से लेकर कक्षा 12वीं तक की पढ़ाई की व्यवस्था उपलब्ध है। विद्यालय में आर्ट्स, साइंस, कॉमर्स और कृषि जैसे विभिन्न संकाय संचालित किए जा रहे हैं, जिससे विद्यार्थियों को अपनी रुचि के अनुसार विषय चुनने का अवसर मिलता है। विद्यालय में 160 शिक्षकों की नियुक्ति की गई है, जो विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान कर रहे हैं। इसके अलावा 90 कक्षाओं का निर्माण किया गया है, जिससे छात्रों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण और पर्याप्त संसाधन उपलब्ध हो सकें।
सर्वांगीण विकास के लिए खेल और हरित परिसर
छात्रों के समग्र विकास को ध्यान में रखते हुए विद्यालय परिसर में खेल मैदान और बॉटनिकल गार्डन विकसित किया गया है। इससे विद्यार्थियों को शारीरिक और मानसिक विकास के साथ प्रकृति से जुड़ने का भी अवसर मिलता है।
100 गांवों से विद्यार्थियों के लिए निःशुल्क परिवहन सुविधा
विद्यालय तक पहुंच को आसान बनाने के लिए 16 बसों का संचालन किया जा रहा है। ये बसें आसपास के लगभग 100 गांवों से विद्यार्थियों को निःशुल्क विद्यालय तक लाती हैं, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को भी शिक्षा का समान अवसर मिल रहा है। यह सांदीपनि विद्यालय न केवल आष्टा क्षेत्र बल्कि पूरे जिले के लिए आधुनिक शिक्षा का एक महत्वपूर्ण केंद्र बनकर उभर रहा है, जो आने वाले समय में विद्यार्थियों के भविष्य को नई दिशा देगा।