मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज रायगढ़ पहुंचे। उनके आगमन पर जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने उनका आत्मीय स्वागत किया। मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि नक्सलवाद के खात्मे के दृष्टिकोण से 31 मार्च एक ऐतिहासिक दिन था। नक्सलवाद का खात्मा सरकार के लिए बड़ी चुनौती थी।
विकास कार्य और तेज होंगे
नक्सल प्रभावित क्षेत्र लंबे समय से विकास से वंचित रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि अब नए रोडमैप के तहत इन क्षेत्रों में विकास कार्य शुरू होंगे। उन्होंने बस्तर क्षेत्र का जिक्र करते हुए कहा कि यह केरल से बड़ा और प्राकृतिक दृष्टि से बहुत सुंदर क्षेत्र है, लेकिन यहां के लोग चार दशक से अधिक समय से नक्सलवाद और विकास की कमी के कारण समस्याओं का सामना कर रहे थे। सड़क, बिजली, पानी जैसी बुनियादी समस्याओं का समाधान पिछले दो साल से सरकार द्वारा किया जा रहा है और अब नक्सलवाद समाप्त होने के बाद विकास कार्य और तेज होंगे।
नक्सलवाद का खात्मा सरकार के लिये बड़ा चैलेंज
मुख्यमंत्री ने कहा कि नक्सलवाद एक बड़ी चुनौती थी। लोग कभी उम्मीद नहीं करते थे कि इसका समाधान संभव होगा, लेकिन डबल इंजन की सरकार और जवानों के अदम्य साहस के दम पर नक्सलवाद समाप्त हो चुका है। उन्होंने यह भी कहा कि संगठन और उनकी पार्टी हमेशा लोगों के सुख-दुख में उनके साथ खड़ी रहती है। कोरोनाकाल में भी टीम लोगों की सेवा में लगी रही।
6 अप्रैल से गांव चलो अभियान
मुख्यमंत्री ने बताया कि 6 अप्रैल को उनकी पार्टी का स्थापना दिवस है। उस दिन से लेकर 14 अप्रैल तक बाबा भीमराव अंबेडकर की जयंती तक पार्टी के सभी संगठन “गांव चलो” अभियान के तहत लोगों के बीच जाएंगे और पार्टी की नीतियों व योजनाओं की जानकारी साझा करेंगे।