रायपुर। छत्तीसगढ़ कांग्रेस संगठन को मजबूत करने के उद्देश्य से प्रदेश के जिलाध्यक्षों और प्रभारियों की अहम बैठक आज संपन्न हुई। बैठक के बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने बताया कि यह समीक्षा बैठक AICC के निर्देश और पीसीसी के मार्गदर्शन में आयोजित की गई, जिसमें सभी जिलाध्यक्षों को दिए गए टारगेट और जिम्मेदारियों की विस्तार से समीक्षा की गई।
वन-टू-वन चर्चा से लिया गया फीडबैक
बैज ने कहा कि बैठक में सभी पदाधिकारियों से वन-टू-वन चर्चा की गई, ताकि संगठन की जमीनी स्थिति का सही आकलन हो सके। इससे जिलेवार कार्यों की प्रगति और चुनौतियों को समझने में मदद मिली।
बूथ और विलेज कमेटियों पर फोकस
उन्होंने बताया कि बूथ गठन को लेकर विशेष जोर दिया गया है और प्रदेशभर में विलेज कमेटियों का गठन तेजी से आगे बढ़ रहा है। हालांकि, जिला और ब्लॉक कार्यकारिणी का गठन अभी बाकी है, जिसे जल्द पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।
15 अप्रैल तक सभी कमेटियां बनाने का लक्ष्य
पीसीसी चीफ ने बताया कि 15 अप्रैल तक पंचायत, बूथ, जिला और ब्लॉक स्तर की सभी कमेटियों का गठन करने का लक्ष्य तय किया गया है। इसके बाद संगठन को नया टास्क दिया जाएगा, जिसके आधार पर आगामी रणनीति तैयार की जाएगी।
27 हजार से ज्यादा बूथ कमेटियों की तैयारी
बैज ने कहा कि पंचायत स्तर पर कमेटियों का गठन तेजी से चल रहा है और प्रदेश में 27 हजार से अधिक बूथ कमेटियां बनाने की तैयारी की जा रही है।
हिमंता बिस्वा सरमा के बयान की निंदा
इस दौरान दीपक बैज ने असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा द्वारा कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी के खिलाफ कथित अभद्र टिप्पणी की कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा कि इस तरह की भाषा लोकतंत्र में स्वीकार्य नहीं है और पीसीसी की ओर से सरमा के खिलाफ निंदा प्रस्ताव पेश किया गया है।
मोहसिना किदवई के निधन पर शोक प्रस्ताव
वहीं, कांग्रेस की वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री मोहसिना किदवई के निधन पर भी बैठक में शोक व्यक्त किया गया। पीसीसी ने उनके योगदान को याद करते हुए शोक प्रस्ताव पारित किया।
सोशल मीडिया और जमीनी स्तर पर बढ़ेगी सक्रियता
बैज ने कहा कि संगठन अब और अधिक आक्रामक तरीके से काम करेगा। सोशल मीडिया में सक्रियता बढ़ाने के साथ-साथ पार्टी के नेता बूथ स्तर तक मुद्दों को पहुंचाने का काम करेंगे।