दमोह। दमोह जिले में दमोह-सागर स्टेट हाईवे पर शुक्रवार शाम एक भीषण सड़क हादसा हो गया। देहात थाना क्षेत्र के अंतर्गत बांसा तारखेड़ा गांव में गुलाब बाबा मंदिर के पास एक तेज रफ्तार ट्रक ने पहले बोलेरो वाहन को टक्कर मारी और फिर एक बाइक को भी अपनी चपेट में ले लिया। इस दर्दनाक हादसे में पहले दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी और पांच लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे। बाद में इलाज के दौरान दो और घायलों ने दम तोड़ दिया, जिससे मृतकों की संख्या बढ़कर चार हो गई है।
बोलेरो के उड़े परखच्चे
जानकारी के अनुसार यह हादसा शुक्रवार शाम करीब 4:30 बजे हुआ। तेज रफ्तार ट्रक ने सामने से आ रही बोलेरो को इतनी भीषण टक्कर मारी कि वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोग फंस गए। हादसे की सूचना मिलते ही देहात थाना और सागर नाका चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। हादसे में मौके पर दो लोगों की मौत हो गई थी, जबकि पांच गंभीर रूप से घायल थे। सभी घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान दो और लोगों की मौत हो गई। अन्य घायलों का उपचार अभी जारी है और उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
हाईवे पर लगा लंबा जाम
हादसे के बाद दमोह-सागर स्टेट हाईवे पर काफी देर तक यातायात बाधित रहा और लंबा जाम लग गया। पुलिस ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाकर यातायात बहाल करने की कार्रवाई शुरू की। प्रशासन मामले की जांच कर रहा है।