पश्चिमी विक्षोभ के असर से वातावरण में नमी बढ़ने के कारण शनिवार को पूरे मध्यप्रदेश में कोहरे का व्यापक प्रभाव देखने को मिला। इसके चलते प्रदेश के अधिकांश जिलों में दिन के तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई। 12 शहरों में अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा, जिससे दिन के समय भी ठंड का एहसास हुआ।दतिया और रीवा जिलों में शीतल दिन की स्थिति बनी रही। सुबह के समय ग्वालियर में अति घना कोहरा छाया रहा, जबकि जबलपुर और इंदौर में घना कोहरा दर्ज किया गया। भोपाल और नर्मदापुरम जिलों में मध्यम कोहरा रहा। मौसम विभाग के अनुसार रविवार को भी प्रदेश के सभी जिलों में कोहरे का असर बना रह सकता है। खासकर ग्वालियर, चंबल, रीवा और सागर संभाग के जिलों में घना कोहरा छाने की संभावना है। वहीं, अब रात के तापमान में भी गिरावट आने के आसार हैं।
दिन के तापमान में गिरावट
वर्तमान में उत्तर-पश्चिमी भारत के ऊपर 12.6 किलोमीटर की ऊंचाई पर 278 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से जेट स्ट्रीम हवाएं चल रही हैं। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से वातावरण में नमी बढ़ी है, जिसके कारण लगभग पूरे प्रदेश में कोहरा फैल गया है। इसी वजह से दिन के तापमान में गिरावट दर्ज की गई।
उत्तर भारत के पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी
रविवार को भी ऐसी ही स्थिति बने रहने की संभावना है। हालांकि पश्चिमी विक्षोभ आगे बढ़ चुका है और उत्तर भारत के पहाड़ी इलाकों में अच्छी बर्फबारी हुई है। हवाओं का रुख अब उत्तरी होने लगा है, जिससे आने वाले दिनों में रात के तापमान में और गिरावट देखने को मिल सकती है।
Comments (0)