डिंडोरी। डिंडोरी जिले में जबलपुर-अमरकंटक नेशनल हाईवे पर देर रात एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें पांच लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। किकरातालाब गांव के पास एक अनियंत्रित तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क किनारे खड़े ग्रामीणों को कुचल दिया।
टायर पंचर बना मौत का कारण
जानकारी के अनुसार, यह हादसा शनिवार-रविवार की रात करीब 1 बजे हुआ। कुछ ग्रामीण पिकअप वाहन से घर लौट रहे थे, तभी किकरातालाब के पास वाहन का टायर अचानक पंचर हो गया। चालक ने वाहन रोककर टायर बदलना शुरू किया, जबकि अन्य लोग सड़क किनारे खड़े होकर इंतजार कर रहे थे।इसी दौरान जबलपुर की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने नियंत्रण खो दिया और सड़क किनारे खड़े लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन चालक समेत पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद ट्रक चालक फरार
हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। घटना में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसे स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है और वाहन को जब्त कर लिया गया है।