गर्मी की छुट्टियों में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने बड़ी राहत दी है। यात्रियों की सुविधा के लिए दुर्ग-शालीमार-दुर्ग के बीच समर स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया गया है। यह ट्रेन एक-एक फेरे के लिए संचालित होगी, जिससे यात्रियों को कंफर्म बर्थ मिलने में आसानी होगी।
समय और रूट की जानकारी
रेल प्रशासन के अनुसार, ट्रेन संख्या 08745 दुर्ग-शालीमार समर स्पेशल 22 अप्रैल (बुधवार) को रात 21:45 बजे दुर्ग से रवाना होगी। यह ट्रेन रायपुर, भाटापारा, बिलासपुर, चांपा, रायगढ़, झारसुगुड़ा, राउरकेला, चक्रधरपुर, टाटानगर, खड़गपुर और सांतरागाछी होते हुए अगले दिन 13:45 बजे शालीमार पहुंचेगी।वहीं, ट्रेन संख्या 08746 शालीमार-दुर्ग समर स्पेशल 23 अप्रैल 2026 (गुरुवार) को शाम 17:45 बजे शालीमार से रवाना होकर अगले दिन 11:15 बजे दुर्ग पहुंचेगी।
ठहराव और कोच व्यवस्था
इन ट्रेनों का ठहराव रायपुर, भाटापारा, बिलासपुर, चांपा और रायगढ़ सहित कई प्रमुख स्टेशनों पर होगा। इस समर स्पेशल ट्रेन में कुल 18 कोच लगाए जाएंगे, जिनमें 2 एसएलआरडी, 4 सामान्य, 10 स्लीपर और 2 एसी-3 कोच शामिल रहेंगे।