पन्ना जिले में शहीद वनरक्षक हरिकेश गुर्जर की स्मृति को चिरस्थायी बनाने की दिशा में एक सराहनीय पहल की गई है। दक्षिण पन्ना वनमंडल के रैपुरा वन परिक्षेत्र अंतर्गत “हरिकेश वन” की स्थापना कर उनके साहस, कर्तव्यनिष्ठा और बलिदान को श्रद्धांजलि दी गई, जहां आगामी मानसून में 40 हजार पौधों का रोपण किया जाएगा।
शहीद वनरक्षक की स्मृति में “हरिकेश वन” की स्थापना
पन्ना जिले में शहीद वनरक्षक हरिकेश गुर्जर की स्मृति को चिरस्थायी बनाने के लिए दक्षिण पन्ना वनमंडल के रैपुरा वन परिक्षेत्र अंतर्गत भगनरवा बीट में “हरिकेश वन” की स्थापना की गई। मुख्य वन संरक्षक नरेश सिंह यादव की उपस्थिति में आयोजित कार्यक्रम में विधिवत पूजा-अर्चना के बाद स्मृति पट्ट का अनावरण किया गया और सभी ने भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर वन विभाग के अधिकारी, कर्मचारी और ग्राम वन समिति के सदस्य मौजूद रहे।
40 हजार पौधों से विकसित होगा वीरता का प्रतीक
करीब 40 हेक्टेयर क्षेत्र में विकसित किए जा रहे “हरिकेश वन” में आगामी मानसून 2026 के दौरान 40 हजार पौधों का रोपण किया जाएगा। यह स्थल केवल हरियाली का केंद्र नहीं होगा, बल्कि शहीद हरिकेश गुर्जर के साहस और बलिदान की जीवंत स्मृति के रूप में विकसित किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि हरिकेश गुर्जर ने मुरैना में अवैध रेत खनन के खिलाफ कार्रवाई के दौरान शहादत दी थी, जिसके प्रति सम्मान स्वरूप वन विभाग ने उनके परिजनों को 25 हजार रुपये की सहयोग राशि भी प्रदान की।