कांकेर: कांकेर जिले में पुलिस और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ में परतापुर एरिया कमेटी की सक्रिय महिला माओवादी रूपी रेड्डी मारी गई है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि छोटेबेठिया–परतापुर थाना क्षेत्र के सीमावर्ती इलाके में स्थित माचपल्ली–आरामझोरा–हिडूर के जंगलों में माओवादियों की मौजूदगी की सूचना के आधार पर पुलिस और सुरक्षा बलों ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया था।
सर्च ऑपरेशन के दौरान हुई मुठभेड़
अभियान के दौरान माचपल्ली क्षेत्र में पुलिस बल और माओवादियों के बीच मुठभेड़ हुई। मुठभेड़ के बाद की गई सर्चिंग में सुरक्षा बलों को एक महिला माओवादी कैडर का शव बरामद हुआ।
मृत महिला माओवादी की पहचान एसीएम कमांडर रूपी के रूप में हुई है। वह डीकेएसजेडसी सदस्य विजय रेड्डी की पत्नी थी। जानकारी के अनुसार विजय रेड्डी की वर्ष 2025 में मानपुर-मोहला जिले में एक मुठभेड़ में मौत हो चुकी थी।
हथियार और सामग्री बरामद
सर्च अभियान के दौरान मुठभेड़ स्थल से एक पिस्टल, गोला-बारूद और अन्य सामग्री भी बरामद की गई है। इलाके में सुरक्षा बलों द्वारा सर्च ऑपरेशन अभी भी जारी है।
बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक ने कहा कि सरकार लगातार माओवादी कैडरों से आत्मसमर्पण और पुनर्वास की अपील कर रही है, जिसके चलते कई कैडर मुख्यधारा में लौट चुके हैं।
उन्होंने कहा कि कुछ कैडर जैसे रूपी ने हिंसा का रास्ता चुना, जिसका परिणाम आज सामने है। आईजी ने शेष बचे माओवादी कैडरों से अपील की है कि वे हिंसा छोड़कर समाज की मुख्यधारा में लौटें और शांतिपूर्ण जीवन अपनाएं।