पन्ना जिले में केन-बेतवा लिंक परियोजना से प्रभावित गांवों के लिए बड़ी राहत की खबर सामने आई है। प्रस्तावित बेदखली कार्रवाई को फिलहाल 10 दिनों के लिए स्थगित कर दिया गया है, ताकि छूटे हुए मामलों को शामिल करते हुए पुनः सर्वे कर निष्पक्ष निर्णय लिया जा सके।
प्रभावित गांवों में बेदखली कार्रवाई 10 दिन के लिए स्थगित
पन्ना जिले में केन-बेतवा लिंक परियोजना के तहत प्रभावित गांवों कटहरी बिलहटा, कोनी, मझौली और गहदरा में प्रस्तावित बेदखली कार्रवाई को फिलहाल 10 दिनों के लिए स्थगित कर दिया गया है। अनुविभागीय अधिकारी राजस्व एवं भू-अर्जन अधिकारी द्वारा 15 अप्रैल से भूमि खाली कराकर वन विभाग को सौंपने की प्रक्रिया शुरू की जानी थी, लेकिन अब इसे अस्थायी रूप से रोक दिया गया है। इस निर्णय से प्रभावित ग्रामीणों को बड़ी राहत मिली है।
पुनः सर्वे के बाद होगा आगे का फैसला
प्रभावित ग्रामीणों द्वारा अपनी समस्याएं रखने के बाद पन्ना विधायक एवं पूर्व मंत्री बृजेंद्र प्रताप सिंह ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन को पुनः सर्वे के निर्देश दिए हैं। सर्वे सूची में छूटे आवासों और 18 वर्ष पूर्ण कर चुके पात्रों को शामिल करने के लिए अगले 10 दिनों में दोबारा सर्वे कराया जाएगा। प्रशासन का कहना है कि सर्वे पूरा होने के बाद ही आगे की कार्रवाई तय की जाएगी, ताकि किसी भी पात्र व्यक्ति के साथ अन्याय न हो।