छत्तीसगढ़ की मेजबानी में पहली बार आयोजित खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स का समापन समारोह आज, 3 अप्रैल को राजधानी रायपुर में भव्य रूप से आयोजित किया जाएगा। इस समारोह में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम शाम 5 बजे पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आयोजित होगा।
देशभर के जनजातीय खिलाड़ियों का संगम
25 मार्च से शुरू हुए इन खेलों में देश के 30 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों से लगभग 2000 जनजातीय खिलाड़ी और अधिकारी शामिल हुए। यह आयोजन न केवल खेल प्रतिभाओं को मंच देने का अवसर बना, बल्कि जनजातीय संस्कृति और खेल परंपराओं को भी राष्ट्रीय पहचान दिलाने में सफल रहा।
तीन शहरों में हुए मुकाबले
प्रतिष्ठित आयोजन के तहत रायपुर, अंबिकापुर और जगदलपुर में विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इन शहरों में खिलाड़ियों ने अलग-अलग खेलों में शानदार प्रदर्शन किया, जिससे आयोजन को व्यापक पहचान मिली। समापन समारोह को खास बनाने के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी भी उपस्थित रहेंगे। प्रसिद्ध बॉक्सर मेरी कॉम और भारतीय फुटबॉल के दिग्गज बाइचुंग भूटिया विशेष अतिथि के रूप में कार्यक्रम की शोभा बढ़ाएंगे।
उप मुख्यमंत्री करेंगे अध्यक्षता
समारोह की अध्यक्षता उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव करेंगे। वहीं, केंद्रीय आवास एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू भी विशिष्ट अतिथि होंगे। इस मौके पर छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, सांसद बृजमोहन अग्रवाल सहित राज्य के कई मंत्री, विधायक, महापौर और जिला पंचायत अध्यक्ष भी उपस्थित रहेंगे।
खेल और संस्कृति का संगम
खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स ने खेल के साथ-साथ जनजातीय संस्कृति को राष्ट्रीय मंच दिया है। इस आयोजन के माध्यम से युवा खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का मौका मिला है और छत्तीसगढ़ को खेल मानचित्र पर नई पहचान मिली है। पहली बार इतने बड़े स्तर पर जनजातीय खेलों का आयोजन करना छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का विषय है, जिससे राज्य की खेल प्रतिभाओं को नई दिशा और पहचान मिलने की उम्मीद है।