भोपाल। मध्यप्रदेश की महिला एवं बाल विकास मंत्री निर्मला भूरिया से महिला क्रिकेट टीम की प्रतिभाशाली खिलाड़ी क्रांति गौड ने ने उनके निवास पर सौजन्य भेंट की। इस दौरान खेलों के विकास, विशेष रूप से महिला क्रिकेट को बढ़ावा देने और युवाओं को खेलों की ओर प्रेरित करने जैसे अहम मुद्दों पर सार्थक चर्चा हुई।
महिला क्रिकेट और ग्रामीण प्रतिभाओं पर फोकस
मुलाकात के दौरान महिला क्रिकेट को प्रोत्साहन देने, ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाओं को आगे लाने और उन्हें बेहतर अवसर उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया। दोनों के बीच खेल अधोसंरचना, प्रशिक्षण सुविधाएं और आर्थिक सहयोग जैसे विषयों पर भी विस्तार से विचार-विमर्श हुआ।
संघर्ष और सफलता की कहानी साझा
क्रांति गौड़ ने अपने खेल जीवन के अनुभव साझा करते हुए बताया कि सीमित संसाधनों के बावजूद दृढ़ संकल्प, अनुशासन और मेहनत से सफलता हासिल की जा सकती है। उन्होंने कहा कि यदि समय पर सही मार्गदर्शन और सुविधाएं मिलें, तो प्रदेश की बेटियां अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर सकती हैं।
खेल सुविधाओं और जागरूकता की जरूरत
क्रांति ने महिला खिलाड़ियों के सामने आने वाली चुनौतियों का जिक्र करते हुए बेहतर कोचिंग, खेल अधोसंरचना और आर्थिक सहायता की आवश्यकता बताई। साथ ही, उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं की जानकारी ज्यादा से ज्यादा खिलाड़ियों तक पहुंचाने के लिए जन-जागरूकता बढ़ाना जरूरी है।
मंत्री भूरिया ने दी शुभकामनाएं
महिला एवं बाल विकास मंत्री निर्मला भूरिया ने महिला खिलाड़ियों की उपलब्धियों को प्रदेश और देश के लिए गौरव का विषय बताया। उन्होंने क्रांति गौड़ की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और कहा कि उनकी सफलता अन्य बेटियों के लिए प्रेरणा बनेगी। यह मुलाकात महिला क्रिकेट और खेल क्षेत्र में नई संभावनाओं को मजबूत करने की दिशा में एक सकारात्मक कदम मानी जा रही है, जिससे प्रदेश की बेटियों को आगे बढ़ने के लिए नई प्रेरणा मिलेगी।