मध्यप्रदेश की सवा करोड़ से अधिक महिलाओं के लिए खुशखबरी है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 12 अप्रैल को सीहोर जिले के आष्टा से ‘लाड़ली बहना योजना’ की 35वीं किस्त जारी करेंगे। इस किस्त के तहत प्रदेश की पात्र महिलाओं के बैंक खातों में ₹1,500 की राशि ट्रांसफर की जाएगी।
रविवार को खातों में पहुंचेगी ₹1500 की राशि
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आष्टा में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में सिंगल क्लिक के माध्यम से लाभार्थी महिलाओं के खातों में राशि भेजेंगे। योजना की यह 35वीं किस्त है, जबकि इससे पहले 34 किस्तें सफलतापूर्वक जारी की जा चुकी हैं। इस योजना का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाना है।
₹184 करोड़ से अधिक के विकासकार्यों का लोकार्पण-शिलान्यास
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री क्षेत्र को विकास की सौगात भी देंगे। करीब ₹184.92 करोड़ की लागत से विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया जाएगा, जिससे क्षेत्रीय विकास को गति मिलेगी।
‘लाड़ली बहना योजना
‘लाड़ली बहना योजना राज्य सरकार की प्रमुख योजनाओं में शामिल है। हर महीने मिलने वाली ₹1,500 की सहायता राशि महिलाओं की दैनिक जरूरतों को पूरा करने के साथ-साथ उनके सामाजिक और आर्थिक स्तर को भी मजबूत बना रही है, जिससे वे आत्मनिर्भर बन रही हैं।