रायपुर। महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में ‘लक्ष्मी सखी मिलेट कार्ट वितरण कार्यक्रम’ के तहत आज महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने हितग्राही महिलाओं को मिलेट कार्ट वितरित किए।
पहले चरण में 10 महिलाओं को मिला लाभ
इस योजना के तहत पहले चरण में 10 लक्ष्मी सखी महिलाओं को मिलेट कार्ट प्रदान किए गए हैं। कार्यक्रम में विभागीय अधिकारी भी मौजूद रहे।
मिलेट उत्पादों से बढ़ेगी आय
योजना के जरिए महिलाएं मिलेट (श्रीअन्न) से बने उत्पादों की बिक्री कर सकेंगी, जिससे उनकी आमदनी बढ़ेगी और उन्हें रोजगार के नए अवसर मिलेंगे।
प्रशिक्षण के बाद मिलता है कार्ट
मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने बताया कि सरकार पहले महिलाओं को प्रशिक्षण देती है, उसके बाद उन्हें मिलेट कार्ट उपलब्ध कराया जाता है, ताकि वे व्यवसाय को बेहतर तरीके से चला सकें।
प्रतिदिन 1000 रुपये तक की आय
उन्होंने बताया कि अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर भी ऐसे ठेले वितरित किए गए थे, जिससे महिलाओं को प्रतिदिन करीब 1000 रुपये तक की आय हो रही है।
नारी शक्ति वंदन अधिनियम पर सियासत तेज
वहीं, ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ को लेकर सियासत भी गरमा गई है। मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि 2023 में ही स्पष्ट किया गया था कि पहले जनगणना, फिर परिसीमन और उसके बाद आरक्षण लागू होगा।
विपक्ष पर साधा निशाना
उन्होंने विपक्षी दलों पर महिलाओं के नेतृत्व पर सवाल उठाने का आरोप लगाया और कहा कि जनता इसका जवाब चुनाव में देगी।
20 अप्रैल को बीजेपी की आक्रोश रैली
इधर, भारतीय जनता पार्टी ने विपक्ष के विरोध में प्रदेशभर में आंदोलन का ऐलान किया है। 20 अप्रैल को आक्रोश रैली निकाली जाएगी।