गर्मी के मौसम में ट्रेनों में बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने यात्रियों को राहत देने के लिए एक स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। यह ट्रेन लोकमान्य तिलक टर्मिनस (एलटीटी) और सांतरागाछी के बीच संचालित होगी और मार्ग में बिलासपुर, दुर्ग व रायपुर समेत कई प्रमुख स्टेशनों से होकर गुजरेगी।
तय तारीखों पर होगा संचालन
यह स्पेशल ट्रेन एलटीटी से 24 अप्रैल और 1 मई को रवाना होगी। वहीं, वापसी में सांतरागाछी से यह ट्रेन 25 अप्रैल और 2 मई को चलाई जाएगी। रेलवे का उद्देश्य गर्मी की छुट्टियों में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को नियंत्रित करना और सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध कराना है।
समय और प्रमुख स्टॉपेज
एलटीटी से यह ट्रेन रात 12:15 बजे रवाना होगी और मार्ग में गोंदिया, दुर्ग, रायपुर और बिलासपुर सहित कई स्टेशनों पर रुकेगी। गोंदिया में यह 15:13 बजे, दुर्ग में 17:25 बजे, रायपुर में 18:05 बजे और बिलासपुर में 20:05 बजे पहुंचेगी। इसके बाद अगले दिन सुबह 7:00 बजे यह सांतरागाछी पहुंचेगी।वापसी यात्रा में ट्रेन सांतरागाछी से दोपहर 15:00 बजे रवाना होगी और तीसरे दिन रात 12:50 बजे एलटीटी पहुंचेगी। इस दौरान भी यह ट्रेन प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव करेगी।
किन-किन स्टेशनों पर रुकेगी ट्रेन
यह स्पेशल ट्रेन ठाणे, कल्याण, इगतपुरी, नासिक रोड, मनमाड, भुसावल, अकोला, बडनेरा, वर्धा, नागपुर, गोंदिया, दुर्ग, रायपुर, बिलासपुर, झारसुगुड़ा, राउरकेला, चक्रधरपुर, टाटानगर और खड़गपुर स्टेशनों पर रुकेगी। इससे विभिन्न राज्यों के यात्रियों को भी सुविधा मिलेगी।
कुछ मेमू ट्रेनें आंशिक रूप से प्रभावित
रेलवे द्वारा ट्रैक मरम्मत और सुरक्षा कार्यों के कारण कुछ मेमू ट्रेनों का संचालन आंशिक रूप से प्रभावित रहेगा। 18 अप्रैल को बिलासपुर-कटनी मेमू पैसेंजर उमरिया स्टेशन तक ही चलेगी, जबकि कटनी-बिलासपुर मेमू उमरिया से प्रारंभ होगी।इसी तरह चिरमिरी-कटनी मेमू झलवारा स्टेशन तक ही सीमित रहेगी और कटनी-चिरमिरी सेवा झलवारा से संचालित होगी।
चार मेमू ट्रेनों की बहाली
पहले जिन मेमू ट्रेनों को रद्द किया गया था, उन्हें अब बहाल कर दिया गया है। 17 और 19 अप्रैल को रायपुर-बिलासपुर, बिलासपुर-रायपुर, गोंदिया-झारसुगुड़ा और झारसुगुड़ा-गोंदिया मेमू ट्रेनें अपने निर्धारित समय पर चलेंगी, जिससे यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।