मध्यप्रदेश में 6वें वेतनमान के अंतर्गत आने वाले हजारों सरकारी कर्मचारी और अधिकारियों के महंगाई भत्ते (DA) में 5 प्रतिशत की वृद्धि कर दी गई है। इस संबंध में वित्त विभाग ने बुधवार को आधिकारिक आदेश जारी कर दिए हैं।
अप्रैल से मिलेगा बढ़ा हुआ महंगाई भत्ता
राज्य के कर्मचारियों को बढ़ा हुआ महंगाई भत्ता अप्रैल 2026 के वेतन से दिया जाएगा। हालांकि, इसका प्रभाव 1 जुलाई 2025 से माना जाएगा। इस बढ़ोतरी के बाद कर्मचारियों का DA 252 प्रतिशत से बढ़कर 257 प्रतिशत हो जाएगा।
एरियर 6 किस्तों में दिया जाएगा
जुलाई 2025 से मार्च 2026 तक का एरियर कर्मचारियों को 6 समान किस्तों में मिलेगा। यह भुगतान मई, जून, जुलाई, अगस्त, सितंबर और अक्टूबर 2026 में किया जाएगा। वहीं, सेवानिवृत्त कर्मचारियों को एरियर की पूरी राशि एकमुश्त प्रदान की जाएगी।
7वें वेतनमान वाले कर्मचारियों का DA पहले ही बढ़ चुका है
मध्यप्रदेश सरकार पहले ही 7वें वेतनमान के तहत आने वाले कर्मचारियों का महंगाई भत्ता 3 प्रतिशत बढ़ा चुकी है। इसके बाद उनका DA 58 प्रतिशत हो गया है, जो अप्रैल के वेतन से लागू किया गया है।