मध्यप्रदेश में गर्मी ने अब अपने तीखे तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। प्रदेश ने ठंडक के दौर को पीछे छोड़ते हुए गर्म हवाओं का सामना करना शुरू कर दिया है। सुबह की चुभती धूप और दोपहर की झुलसाने वाली लू लोगों की परेशानी बढ़ा रही है। राज्य में औसतन तापमान में करीब 4 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जबकि कई शहरों में यह बढ़ोतरी 5 से 6 डिग्री तक पहुंच गई है।
रतलाम में सबसे ज्यादा तापमान
मौसम विभाग के अनुसार इंदौर, भोपाल, उज्जैन और नर्मदापुरम संभाग इस समय सबसे ज्यादा गर्मी झेल रहे हैं। रविवार को इन क्षेत्रों में तेज गर्मी का असर साफ देखा गया। प्रदेश के कई शहरों में तापमान 37 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया है। रतलाम में सबसे अधिक 40.6 डिग्री तापमान दर्ज किया गया, जबकि भोपाल में 36.8 डिग्री, इंदौर में 37.6 डिग्री, जबलपुर में 36.6 डिग्री और ग्वालियर में 35.8 डिग्री तापमान रिकॉर्ड हुआ।
शहरों का तापमान इस प्रकार रहा
रतलाम - 40.6 डिग्री
नर्मदापुरम - 39.4 डिग्री
धार - 39.2 डिग्री
खरगोन - 39 डिग्री
गुना - 38 डिग्री
उज्जैन - 38 डिग्री
15 अप्रैल से नया मौसम सिस्टम
मौसम विभाग का कहना है कि 15 अप्रैल से एक नया वेदर सिस्टम सक्रिय होगा, लेकिन इसका असर कमजोर रहने की संभावना है। आने वाले दिनों में तापमान और बढ़ सकता है।
कई शहरों में हीट वेव का असर
प्रदेश के कई इलाकों में हीट वेव का असर शुरू हो गया है। दोपहर के समय चलने वाली गर्म हवाएं लोगों को काफी परेशान कर रही हैं। इसी कारण लोग खुद को ढककर घर से बाहर निकल रहे हैं। सड़कों पर गन्ने का रस, नींबू पानी और आइसक्रीम की बिक्री में भी तेजी देखी जा रही है।