रायपुर।मनेंद्रगढ़-केल्हारी मार्ग पर हुए भीषण बस हादसे में एक बच्ची सहित 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि 15 से अधिक यात्री घायल हुए हैं। हादसे के बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मृतकों के परिजनों और घायलों के लिए आर्थिक सहायता की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये देने का ऐलान किया है। इसके साथ ही उन्होंने जिला प्रशासन को घायलों के बेहतर उपचार और राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं।
मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख रुपये की सहायता
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मनेंद्रगढ़-केल्हारी मार्ग पर हुई दुर्घटना में 6 लोगों की मौत पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस दुखद घटना में अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के साथ राज्य सरकार खड़ी है।
मुख्यमंत्री ने राज्य शासन की ओर से प्रत्येक मृतक के परिजन को 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। वहीं, हादसे में घायल प्रत्येक व्यक्ति को 50 हजार रुपये की सहायता राशि दी जाएगी।
CM साय ने घायलों के बेहतर इलाज के दिए निर्देश
दुर्घटना की जानकारी मिलने के बाद मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को राहत एवं बचाव कार्य तत्परता से संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी घायलों को बेहतर से बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं और इलाज में किसी भी तरह की कमी नहीं होनी चाहिए।मुख्यमंत्री ने प्रशासन को घायलों की स्वास्थ्य स्थिति पर लगातार नजर रखने और जरूरत के मुताबिक सभी आवश्यक चिकित्सा व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा है।
मनेंद्रगढ़ और चिरमिरी के अस्पतालों में चल रहा इलाज
हादसे में घायल यात्रियों का उपचार सिविल अस्पताल मनेंद्रगढ़ और जिला अस्पताल चिरमिरी में किया जा रहा है। गंभीर रूप से घायल दो यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए अंबिकापुर रेफर किया गया है।जिला प्रशासन को निर्देश दिए गए हैं कि घायलों को समय पर चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जाए। गंभीर मरीजों के उपचार और उनकी स्थिति की लगातार निगरानी करने पर भी जोर दिया गया है।
बस हादसे में एक बच्ची सहित 6 की मौत
मनेंद्रगढ़-केल्हारी मार्ग पर हुए इस भीषण हादसे में एक बच्ची समेत 6 लोगों की जान चली गई। दुर्घटना में 15 से अधिक यात्री घायल हुए हैं।